कोलकाता के मशहूर सॉल्ट लेक स्टेडियम के बाहर एक बड़ा एक्शन हुआ है. यहां पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की खुद की डिजाइन की हुई एक विवादित फुटबॉल मूर्ति को शनिवार सुबह तोड़ दिया गया है. यह मूर्ति सालों से इस बड़े स्टेडियम के बाहर लगी हुई थी, जिसे अब पूरी तरह हटा दिया गया है.
इस मूर्ति की बनावट को लेकर शुरू से ही विवाद था और लोग इसे पसंद नहीं करते थे. इस मूर्ति में धड़ से कटे हुए दो पैर दिखाए गए थे और उनके ठीक ऊपर एक फुटबॉल रखी हुई थी. ममता बनर्जी की बनाई इस मूर्ति को कई लोग देखने में बहुत अजीब और भद्दी बताते थे. शनिवार सुबह जब लोग स्टेडियम के वीवीआईपी गेट के पास पहुंचे, तो वहां से मूर्ति को हटा देख हर कोई हैरान रह गया.
आपको बता दें कि इस मूर्ति को साल 2017 में FIFA U-17 वर्ल्ड कप से पहले यहां लगाया गया था. इस पर पिछली टीएमसी सरकार का ‘बिस्वा बांग्ला’ लोगो भी बना हुआ था. बताया जा रहा है कि केंद्रीय मंत्री निसिथ प्रमाणिक ने कुछ दिन पहले इसे हटाने की बात कही थी, जिसके बाद शनिवार को यह कार्रवाई हुई.
स्टेडियम से हटी मूर्ति, फिर शुरू हुई बहस
यह साल्ट लेक स्टेडियम फुटबॉल की दुनिया का एक बहुत बड़ा नाम है, जहां हाल ही में फुटबॉल के जादुई खिलाड़ी लियोनेल मेसी भी खेलने आए थे. खेल प्रेमियों का कहना था कि स्टेडियम के मुख्य गेट के पास लगी यह अजीब मूर्ति वहां की खूबसूरती को खराब करती थी. अब इस मूर्ति को तोड़े जाने के बाद कोलकाता की राजनीति और खेल जगत में एक नई बहस शुरू हो गई है.
![]()