शुभेंदु अधिकारी बोले, ‘प्रधानमंत्री जी, सिटी ऑफ़ जॉय में आपका स्वागत है’, मुख्यमंत्री पद की ली शपथ

शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह के लिए देशभर से पहुंचे नेता
शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है.
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कई नेताओं की मौजूदगी में बांग्ला भाषा में शपथ ली.
इससे पहले सुबह शुभेंदु अधिकारी ने एक्स पर पोस्ट किया, “पश्चिम बंगाल के लिए यह सचमुच एक ऐतिहासिक सुबह है. ‘सिटी ऑफ़ जॉय’ में दूरदर्शी नेता माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का स्वागत करना गर्व और हर्ष का क्षण है. आज, आज़ादी के बाद पश्चिम बंगाल में पहली बार बीजेपी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के साक्षी बनते हुए, हम अपने संस्थापक पुरखों के सपनों को साकार होते देख रहे हैं.”
शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) नेता अमित शाह की मौजूदगी में हुई विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी को बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया.
इसके बाद शुक्रवार शाम उन्होंने राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश किया. ये राज्य में पहली बीजेपी सरकार होगी.
चार मई को आए विधानसभा चुनाव के नतीजों में बीजेपी ने 293 में से 207 सीटों पर जीत दर्ज की.
ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) को 80 विधानसभा सीटों पर ही जीत मिली. वो पिछले 15 सालों से राज्य की मुख्यमंत्री थी.

लेकिन चार मई के बाद से पश्चिम बंगाल की राजनीति में काफी उतार-चढ़ाव देखा गया है.
ममता बनर्जी ने बीजेपी पर चुनाव में बेईमानी का आरोप लगाते हुए इस्तीफा देने से इंकार कर दिया था.
हालांकि इस पर बीजेपी ने कहा कि संवैधानिक प्रक्रिया में विश्वास करने वाला कोई भी व्यक्ति ऐसी बात नहीं कर सकता है.
लेकिन पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर एन रवि ने सात मई को विधानसभा भंग करने का आदेश जारी किया.
राज्यपाल के इस फैसले के साथ ही पश्चिम बंगाल में नई सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया.
पश्चिम बंगाल एक महीने से ज्यादा लंबे समय तक चली चुनावी प्रक्रिया के बाद चार मई को जब नतीजे आने शुरू हुए तो रुझानों के साथ ही साफ हो गया कि बीजेपी राज्य में पहली बार सत्ता हासिल करने वाली है.
शुरुआती रुझानों के बाद ही ममता बनर्जी ने बयान जारी कर टीएमसी के वोटिंग एजेंट्स से काउंटिंग सेंटर पर ही रहने की अपील की.
ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी किया है. इसमें उन्होंने कहा, “मैं हाथ जोड़कर निवेदन करती हूं कोई भी वोटिंग एजेंट काउंटिंग सेंटर से दूर ना जाए. ये भारतीय जनता पार्टी की योजना है. मैं ये कल से कह रही हूं कि चुनाव आयोग पहले उनके नतीजे दिखाएगा, फिर हमारी पार्टी के नतीजे दिखाएगा.”

लेकिन बीजेपी को बढ़त मिलने के बाद बीजेपी नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “बंगाल में भाजपा को मिली यह ऐतिहासिक जीत हमारे असंख्य कार्यकर्ताओं के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है. यह उन परिवारों के धैर्य की जीत है, जिन्होंने हिंसा सहकर भी भगवा ध्वज नहीं छोड़ा.”
लेकिन सोमवार शाम पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस पर बीजेपी की भारी बढ़त के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी पर ‘वोट लूट’ का आरोप लगाया.
उन्होंने पत्रकारों से कहा, “बीजेपी ने 100 से ज्यादा सीटों की लूट की है. बीजेपी ने धोखाधड़ी की है. चुनाव आयोग अब बीजेपी आयोग बन गया है. हमने समय-समय पर इसकी शिकायत की है. लेकिन कोई सुनने वाला नहीं था.”
इसी बीच बीजेपी ने देर रात तक पश्चिम बंगाल में पहली बार बहुमत हासिल कर लिया.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *