मध्य प्रदेश के मालवा अंचल में इन दिनों सूरज की तपिश रिकॉर्ड तोड़ रही है. लेकिन कहते हैं न कि भारतीयों के पास हर समस्या का एक ‘देसी जुगाड़’ होता है. देवास में एक ऐसी ही अनोखी बारात देखने को मिली, जहां बाराती गर्मी से बचने के लिए अपने साथ ‘चलित कूलर’ लेकर निकले.
दरअसल, आम तौर पर बारात में बैंड-बाजे के साथ जनरेटर और लाइट्स चलती हैं, लेकिन देवास की इस बारात में नजारा कुछ अलग था. बढ़ते तापमान को देखते हुए बारातियों ने ट्रॉली पर कूलर फिट करवाया और उसे बारात के साथ चला दिया.
ठंडी फुहार के बीच डांस
डीजे और बैंड की धुन पर नाच रहे बारातियों के लिए यह कूलर किसी वरदान से कम नहीं था. जैसे-जैसे बारात आगे बढ़ती, कूलर की ठंडी हवा और पानी की फुहारें बारातियों का उत्साह बनाए रखतीं.
सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
सड़क से गुजर रही इस ‘एयर-कंडीशन्ड’ बारात को जिसने भी देखा, वह देखता ही रह गया. लोगों ने अपने मोबाइल में इस नजारे को कैद किया और अब यह वीडियो इंस्टाग्राम और वॉट्सएप पर जमकर वायरल हो रहा है. नेटिजन्स बारातियों की इस क्रिएटिविटी की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
गर्मी का रिकॉर्ड स्तर
बता दें कि देवास और आसपास के इलाकों में तापमान 42 से 45 डिग्री के बीच बना हुआ है. दोपहर के समय सड़कों पर निकलना दूभर है, ऐसे में शादियों के सीजन में इस तरह के जुगाड़ अब ट्रेंड बन रहे हैं. बारातियों का कहना था कि गर्मी भले ही कितनी भी हो, लेकिन ‘नृत्य’ और ‘जश्न’ में कोई कमी नहीं आनी चाहिए.
![]()