स्वाति मालीवाल BJP में हुईं शामिल, PM मोदी की तारीफ कर केजरीवाल पर चुन-चुनकर किए हमले

आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने शनिवार ऐलान करते हुए कहा कि वो भाजपा में शामिल हो गई हैं. आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ करीब दो दशक पुराना रिश्ता तोड़ते हुए मालीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास जताया और अरविंद केजरीवाल पर चुन-चुनकर हमले किए.
इससे पहले शुक्रवार को ही सांसद राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल बीजेपी में शामिल हुए थे और दावा किया था कि AAP के 4 और सांसद- स्वाति मालीवाल, हरभजन सिंह, राजेंद्र गुप्ता और विक्रमजीत साहनी बीजेपी में शामिल होंगे.

अब राघव चड्ढा के दावे पर मुहर लगाते हुए स्वाति मालीवाल ने बीजेपी जॉइन करने की पुष्टि कर दी है. बीजेपी जॉइन करने के बाद स्वाति मालीवाल ने कहा कि उन्होंने यह फैसला किसी दबाव में नहीं, बल्कि पीएम मोदी के नेतृत्व में विश्वास के कारण लिया है. उन्होंने लोगों से अपील की कि जो भी रचनात्मक राजनीति करना चाहते हैं, वे बीजेपी से जुड़ें.  

इस दौरान स्वाति मालीवाल ने अरविंद केजरीवाल पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा, ‘मैं 2006 से केजरीवाल के साथ थी, उनके हर आंदोलन में साथ दिया, लेकिन उन्होंने अपने ही घर में मुझे एक गुंडे से पिटवाया. जब मैंने आवाज़ उठाई तो मुझे डराया और धमकाया गया. मुझ पर FIR वापस लेने का दबाव बनाया गया.’ मालीवाल ने केजरीवाल को ‘महिला विरोधी’ करार देते हुए कहा कि पिछले दो सालों में उन्हें संसद में एक बार भी बोलने का मौका नहीं दिया गया, जो बेहद शर्मनाक है.

पीएम मोदी और अमित शाह की तारीफ

स्वाति मालीवाल ने कहा कि एक तरफ अरविंद केजरीवाल भ्रष्टाचार और ‘गुंडागर्दी’ के लिए जाने जाते हैं वहीं दूसरी ओर हमारे पास PM मोदी हैं जो दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं. मालीवाल ने कहा, ‘चाहे वह ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान हो, जब हमने दुश्मनों के घरों में घुसकर उन्हें मार गिराया और देश से नक्सलवाद खत्म किया, या संसद में महिला आरक्षण बिल पेश करना हो, PM मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश के विकास के लिए ऐतिहासिक फैसले लिए हैं. मैंने BJP किसी मजबूरी में नहीं, बल्कि इसलिए जॉइन की है क्योंकि मुझे PM मोदी के नेतृत्व पर भरोसा है. मैं उन सभी लोगों से अपील करती हूं जो रचनात्मक राजनीति करना चाहते हैं, वे BJP में शामिल हों.’

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *