‘वे मेरे सबसे अच्छे दोस्त…’, ट्रंप ने बताया 40 मिनट तक फोन पर PM मोदी से क्या बात हुई

ईरान जंग की वजह से पूरी दुनिया में उथल-पुथल मची है. बदलते वैश्विक हालात के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को (14 अप्रैल) पीएम मोदी को फोन किया था. 40 मिनट तक दोनों नेताओं के बीच बातचीत हुई थी. अब ट्रंप ने खुद बताया है कि दोनों राष्ट्राध्यक्षों के बीच किन मुद्दों पर बात हुई.
लास वेगास में मीडिया से बातचीत में अमेरिकी राष्ट्रपति ने शुक्रवार को कहा, उनकी दोस्त प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई. वह भारत से मेरे दोस्त हैं और बहुत अच्छा काम कर रहे हैं. हमारी बातचीत बहुत अच्छी रही.
ट्रंप ने पीएम मोदी को फोन कर द्विपक्षीय संबंधों और पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा की थी. इस बातचीत में दोनों नेताओं ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को खुला और सुरक्षित रखने के महत्व पर जोर दिया.
अमेरिकी राजदूत सर्गेई गोर के मुताबिक, लगभग 40 मिनट चली इस बातचीत के अंत में ट्रंप ने मोदी से कहा था, ‘वी ऑल लव यू’. यह 28 फरवरी से शुरू हुए अमेरिका-इजरायल-ईरान युद्ध के बाद दोनों नेताओं के बीच दूसरी बार फोन पर बातचीत थी.
प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस फोन वार्ता की जानकारी देते हुए कहा कि इस बातचीत के दौरान द्विपक्षीय सहयोग में हुई महत्वपूर्ण प्रगति की समीक्षा की गई. दोनों के बीच पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चर्चा हुई. इस दौरान होर्मुज स्ट्रेट को खुला और सुरक्षित रखने के महत्व पर जोर दिया गया. 

पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, ‘मेरे मित्र राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का फोन आया. हमने विभिन्न क्षेत्रों में अपने द्विपक्षीय सहयोग में हुई महत्वपूर्ण प्रगति की समीक्षा की. हम सभी क्षेत्रों में अपनी व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध हैं. हमने पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चर्चा की और होर्मुज को खुला और सुरक्षित रखने के महत्व पर जोर दिया.’

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *