झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पूर्वोत्तर राज्यों सहित कई इलाकों में अगले तीन दिन भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.क्या है अपडेट

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली सहित देश के कई राज्यों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है. मौसम विभाग की ओर से जारी अलर्ट के मुताबिक कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले तीन दिन तक देश के अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग दिन भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक झारखंड और उसके आसपास के इलाकों में बना निम्न दबाव का क्षेत्र एक्टिव हो गया है. इसकी वजह से देश के पूर्वी और मध्य इलाकों में भारी बारिश का दौर शुरू हुआ है जो अगले तीन दिन तक जारी रहने के आसार हैं. मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार और झारखंड तक फैले क्षेत्र में अगले तीन दिन तक भारी बारिश हो सकती है.
मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन में अगले तीन दिन यूपी और बिहार के कई इलाकों में भारी बारिश होने के अनुमान जताए गए हैं. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को लेकर मौसम विभाग ने कहा है कि 26 अगस्त को सुबह से दोपहर के बीच कुछ जगह हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. इस हफ्ते के अंत में बादलों का असर कम होना शुरू होगा और तापमान बढ़ेगा

मौसम विभाग ने बादलों का असर कम होने के बाद अधिकतम तापमान बढ़कर 35 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के अनुमान जताए हैं. मौसम विभाग ने बारिश को लेकर क्षेत्रवार भी पूर्वानुमान जताए हैं. पूर्वानुमान के मुताबिक उत्तराखंड में पहले 26 अगस्त और फिर 30-31 अगस्त को भारी बारिश की संभावना है. हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 31 अगस्त के बीच कुछ स्थानों पर अच्छी बारिश हो सकती है.

पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 26 अगस्त को भारी बारिश के अनुमान मौसम विभाग ने जताए हैं. वहीं, 27 अगस्त को पूर्वी राजस्थान में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी मध्य प्रदेश में 27 अगस्त तक भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा, छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में 26 से 29 अगस्त के बीच भारी बारिश का अनुमान है.

झारखंड में 29 अगस्त तक भारी बारिश होने की संभावना है. बिहार में भी 27 अगस्त के बीच भारी बारिश का अनुमान जताया गया है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 28 अगस्त तक भारी बारिश होने की संभावना है. ओडिशा में 27 और 31 अगस्त को भारी बारिश के अनुमान हैं. ओडिशा में 28 से 30 अगस्त के बीच कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है.

पूर्वोत्तर राज्यों अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 31 अगस्त तक भारी बारिश होने के अनुमान हैं. वहीं, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 27-28 और 31 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है. इन राज्यों में 29-30 अगस्त को बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग का कहना है कि इस समय देश में दो मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं, जिनकी वजह से मध्य और पूर्वी भारत में बारिश का दौर जारी है.