पंजाब कांग्रेस नेताओं को कड़ी चेतावनी देते हुए राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि सभी नेता टीम प्लेयर की तरह काम करें, वरना जो लाइन में नहीं आएगा उसे रिजर्व खिलाड़ी बना दिया जाएगा. राहुल गांधी पंजाब के बरनाला में एक रैली को संबोधित करने पहुंचे थे, जहां मंच पर बैठे कांग्रेस नेताओं को उन्होंने यह सख्त संदेश दिया.
2027 चुनाव से पहले सख्त संदेश
2027 के चुनावों की तैयारी के बीच राहुल गांधी ने पंजाब कांग्रेस नेतृत्व को संबोधित करते हुए कहा, ‘मैं यहां बैठे कांग्रेस नेतृत्व को संदेश देना चाहता हूं. काम टीम वर्क से होता है. एक खिलाड़ी कुछ नहीं कर सकता. पार्टी से बड़ा कोई नहीं है. इसलिए टीम प्लेयर बनिए, नहीं तो हम आपको रिजर्व खिलाड़ी बना देंगे.’
खड़गे के साथ मिलकर ‘सेट’ करने की बात
राहुल गांधी यहीं नहीं रुके. उन्होंने आगे कहा, ‘अगर आप टीम प्लेयर नहीं बने तो मैं और मल्लिकार्जुन खड़गे आपको ठीक कर देंगे. हमारी ताकत हमारे कार्यकर्ता हैं.’ पंजाब कांग्रेस में लंबे समय से चल रही अंदरूनी खींचतान को देखते हुए राहुल गांधी का यह बयान काफी सख्त माना जा रहा है.
सार्वजनिक मंच से नेताओं को नसीहत
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने अपने सार्वजनिक संबोधन के अंत में ही पंजाब कांग्रेस नेताओं को खुले मंच से नसीहत दी. इसे पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी को लेकर बड़ा संकेत माना जा रहा है.
प्रताप बाजवा ने बताया मजबूत संदेश
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा, ‘राहुल गांधी ने बहुत मजबूत संदेश दिया है. अब अगर कोई टीम प्लेयर नहीं बनता है तो उसे रिजर्व खिलाड़ी बना दिया जाएगा. यह काम करेगा.’
रवनीत बिट्टू का कांग्रेस पर तंज
वहीं कांग्रेस पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा, ‘अगर राहुल गांधी को अपने ही पार्टी नेताओं को खींचना था तो रैली करने का क्या फायदा था? उन्हें सभी नेताओं को दिल्ली बुलाकर वहीं फटकार लगानी चाहिए थी.’
![]()