न भूतो न भविष्यति…विराट कोहली ने रच दिया नया कीर्तिमान, सचिन भी नहीं पहुंच पाए यहां तक

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विराट कोहली ने ताबड़तोड़ शतक जड़कर नया कीर्तिमान रच दिया. इस सेंचुरी के साथ ही विराट कोहली क्रिकेट के किसी एक फॉर्मेट में सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने दिग्गज सचिन तेंदुलकर को इस मामले में पीछे छोड़ दिया है. अभी तक दोनों 51-51 शतकों के साथ एक साथ यह रिकॉर्ड होल्ड करते थे. लेकिन, 30 नवंबर को रांची के JSCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में कोहली तेंदुलकर से एक शतक आगे निकल गए. 50 ओवर वाले वनडे मैचों में कोहली के नाम अब 52 शतक हो गए हैं.

सचिन के नाम हैं कुल 100 शतक 

सचिन तेंदुलकर की बात करें तो, ODI में उन्होंने 49 शतक लगाए हैं. लेकिन, टेस्ट क्रिकेट में उनके शतकों का आंकड़ा 51 है. हालांकि, सभी फॉर्मेट में कुल मिलाकर सबसे ज्यादा शतकों का रिकॉर्ड अभी भी तेंदुलकर के नाम ही है, जिन्होंने अपने करियर में कुल 100 शतक लगाए हैं. इस मामले में 36 वर्षीय विराट कोहली उनसे काफी पीछे हैं. उनके नाम कुल 83 शतक हैं, जिसमें वनडे के 52, टेस्ट के 30 और T20 का एक शतक शामिल है.   

सचिन का एक और रिकॉर्ड विराट ने तोड़ा

साउथ अफ्रीका के खिलाफ इस मैच में विराट ने सचिन का सिर्फ एक यही रिकॉर्ड नहीं तोड़ा है. एक और कीर्तिमान है, जो अब सचिन के बाद विराट के नाम दर्ज हो गया है. वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ 6 शतक लगाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं. इससे पहले, यह रिकॉर्ड भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर डेविड वॉर्नर अपने नाम रखते थे. दोनों ने ही अफ्रीका के खिलाफ 5-5 शतक लगाए हैं. विराट कोहली भी अपने 52वें शतक से पहले तक सचिन और वॉर्नर के साथ यह रिकॉर्ड साझा करते थे.

विराट ने शुरू में जाहिर कर दिया था इरादा

टेस्ट और टी-20 फॉर्मेट से संन्यास ले चुके विराट कोहली को वनडे सीरीज में खेलता देखने के लिए उनके फैन्स बेताब थे. कोहली ने भी अपने फैन्स को निराश नहीं किया. यशस्वी जायसवाल के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आए कोहली ने शुरुआती दौर में ही अपने इरादे जता दिए थे. चौकों-छक्कों की बरसात करते हुए विराट ने सिर्फ 120 गेंदों में 135 रन ठोक दिए. अपनी इस पारी में उन्होंने 11 चौके और 7 छक्के लगाए.

अपनी बैटिंग के दौरान कोहली पूरे लय में दिख रहे थे. बल्ले से ऐसे रन बरस रहे थे कि लगता था अब वो 200 रन पार करके ही रुकेंगे. लेकिन 43वें ओवर की 5वीं गेंद पर उन्होंने नांद्रे बर्गर की बॉल पर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश की. लेकिन, स्लोअर बॉल को वह जज करने में चूक गए. वह थोड़ा जल्दी आगे बढ़ गए और गेंद हवा में चली गई. रिकल्टन ने कैच लपक लिया और विराट कोहली की 135 रन की पारी का अंत हो गया. 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *