ग्वालियर: ग्वालियर के तिघरा थाना क्षेत्र से करीब 15 किलोमीटर दूर गुर्जा गांव से अपहरण कर ले जाई गई एक गर्भवती महिला को गुरुवार देर रात को बरामद कर लिया गया। बदमाश उसे लंका पहाड़ के जंगल में छोड़कर भाग गए। पुलिस को सूचना मिली थी कि महिला यहां जंगल में अकेली बैठी हुई है। सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसका रेस्क्यू किया। अपहरण हुई गर्भवती महिला के मिलने के बाद उसे इलाज और जांच के लिए कमला राजा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
बता दें कि, बुधवार रात को आरोपी योगेंद्र गुर्जर उर्फ योगी करीब 20 साथियों के साथ हथियार लेकर गुर्जा गांव पहुंचा और यहां एक घर में धावा बोल दिया। कुछ लोग घर के अंदर घुसे, बाकी साथी बाहर फायरिंग करते रहे। घरवालों से मारपीट की और फिर एक गर्भवती महिला का अपहरण कर ले गए थे।
तिघरा पुलिस के अनुसार, मुरैना जिले के तिलौंदा के रहने वाले योगेंद्र गुर्जर उर्फ योगी की शादी अगवा की गई महिला से तय हुई थी। लेकिन उसकी आपराधिक गतिविधियों के कारण महिला के परिजनों ने रिश्ता तोड़ दिया था। महिला की शादी गुर्जा गांव के एक व्यक्ति से करीब डेढ़ साल पहले कर दी गई थी। रिश्ता टूटने और महिला की कहीं और शादी होने पर योगी ने बदला लेने की ठान ली थी। उसने धमकी दी थी कि वह महिला के पति की हत्या कर महिला से शादी करेगा।
पुलिस पूछताछ में पीड़ित महिला ने बताया है कि बदमाश योगी गुर्जर और उसके साथी उसे अपहरण करने के बाद मुरैना ले जा रहे थे, लेकिन पुलिस की टीमें उसके पीछे लगी हुई थीं। इसलिए वह डर के कारण उसे लंका पहाड़ के जंगलों में छोड़कर अपने साथियों के साथ भाग निकला।
20 से ज्यादा हथियारबंद साथियों के साथ मिलकर गर्भवती महिला का अपहरण करने वाले मुरैना के मोस्ट वॉन्टेड बदमाश योगी उर्फ योगेंद्र गुर्जर की कहानी दो साल पहले शुरू हुई थी। शादी से पहले महिला 2023 में मुरैना में अपने एक रिश्तेदार के घर पर बीएड का एग्जाम देने के लिए रह रही थी, तभी उसकी मुलाकात योगी उर्फ योगेंद्र गुर्जर से हुई थी। योगी को वो महिला एक ही नजर में भा गई थी और वह उससे प्यार करने लगा था। दोनों की नजदीकियां बढ़ती उससे पहले ही महिला के पिता को इस बात की भनक लग गई थी। इसलिए उन्होंने बेटी की सगाई गुर्जा गांव निवासी युवक से तय कर दी थी।
ग्वालियर एसपी धर्मवीर सिंह यादव का कहना है कि महिला को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। बदमाश योगी गुर्जर और उसके साथियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
![]()