प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को मणिपुर की धरती से नेपाल की अंतरिम पीएम बनाई गई सुशीला कार्की को बधाई दी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कार्की के नेतृत्व में नेपाल में शांति, समृद्धि और स्थायित्व आएगा। उन्होंने बधाई संदेश देते हुए कहा कि सुशीला कार्की का नेपाल की असमंजस वाली स्थिति में सत्ता को संभालना महिला सशक्तीकरण का एक बेहतर उदाहरण है।
प्रधानमंत्री मोदी ने मणिपुर की राजधानी में कहा, ” नेपाल, हिमालय की गोद में बसा हुआ है, हमारा करीबी दोस्त है। हमारा इतिहास और विश्वास जुड़ा हुआ है। मैं 140 करोड़ भारतीयों की तरफ से सम्माननीय सुशीला कार्की को बधाई देता हूं। कार्की का नेपाल की सर्वोच्च सत्ता को संभालना महिला सशक्तीकरण का एक उत्कृष्ट उदाहरण हैं। मुझे यकीन है कि वह शांति, सुरक्षा और स्थायित्व के रास्ते पर नेपाल को आगे बढ़ाने का काम करेंगी।”
पीएम मोदी ने नेपाल की हालिया घटनाओं के बाद जेन-जी युवाओं को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, “हाल के दिनों में नेपाल में जो कुछ हुआ उसके बाद एक बात पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। पिछले कुछ दिनों से नेपाली युवा लगातार अपने देश की सड़कों को साफ करते हुए देखे जा सकते हैं। मैंने भी यह सोशल मीडिया के जरिए देखा है। युवाओं द्वारा किया जा रहा यह प्रयास नेपाल के पुनरुत्थान का प्रतीक है। मैं नेपाल के उज्जवल भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं देता हूं।”
गौरतलब है कि इससे पहले भी पीएम मोदी ने सोशल मीडिया के जरिए कार्की को बधाई दी थी।
आपको बता दें कल रात में नेपाल के पिछले कुछ दिनों के हंगामे और दंगों के बाद से शांति स्थापित करने के लिए सुशीला कार्की को अंतरिम प्रधानमंत्री नियुक्त किया गया है।
केपी शर्मा ओली की सरकार को हटाने के बाद से ही जेन-जी प्रदर्शनकारी ने सुशीला कार्की को सत्ता संभालने के लिए बुलाना शुरू कर दिया था। नेपाल की पहली महिला मुख्य न्यायाधीस सही सुशीला कार्की शपथ लेने के साथ ही नेपाल की पहली महिला प्रधानमंत्री भी बन गई हैं।
![]()