भारत-चीन का अमेरिका को बड़ा संदेश, एक साथ चलेंगे हाथी और ड्रैगन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति शी चिनफिंग की तियानजिन में हुई मुलाकात में सीमा विवाद के समाधान पर प्रतिबद्धता जताई गई। दोनों नेताओं ने सीधी उड़ान सेवा शुरू करने व्यापारिक संबंधों और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने माना कि वैश्विक स्थिरता के लिए भारत-चीन की भूमिका महत्वपूर्ण है और मतभेदों को विवाद में नहीं बदलना चाहिए। मोदी ने चिनफिंग को 2026 में भारत आने का न्योता दिया।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के टैरिफ के बाद दो ध्रुवों में बंटी दुनिया के लिए हाथी और ड्रैगन की जुगलबंदी बड़ा संदेश दे रही है। रविवार को चीन के तियानजिन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति शी चिनफिंग के बीच हुई बहुप्रतीक्षित मुलाकात में दोनों देशों के बीच सीमा विवाद का निष्पक्ष, न्यायसंगत और पारस्परिक तौर पर स्वीकार्य समाधान को लेकर प्रतिबद्धता जताई गई।

इसमें दोनों देशों के बीच सीधी उड़ान सेवा शुरू करने, व्यापारिक संबंधों, वैश्विक मुद्दों और द्विपक्षीय हितों से जुड़े अन्य मुद्दों पर विस्तार से बात हुई। दोनों तरफ के कूटनीतिक सूत्रों ने बैठक को काफी सकारात्मक बताया। दोनों देशों के विदेश मंत्रालयों ने मुलाकात को भारत-चीन संबंधों को नई दिशा व गति प्रदान करने वाला बताया।

वैश्विक माहौल में स्थिरता लाने के लिए भारत-चीन की भूमिका महत्वपूर्ण
दोनों नेताओं ने माना कि मौजूदा वैश्विक माहौल में स्थिरता लाने के लिए भारत-चीन की भूमिका महत्वपूर्ण है। एक वर्ष के भीतर दुनिया के दो सबसे ज्यादा आबादी वाले और सबसे तेजी से बढ़नी वाली दो अर्थव्यवस्थाओं के नेताओं के बीच यह दूसरी मुलाकात थी। बैठक के लिए पहले 40 मिनट का समय तय था, लेकिन यह पूरे एक घंटे चली।

डिसइंगेजमेंट के बाद सीमा शांति और स्थिरता का माहौल- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी जापान की यात्रा के बाद शनिवार देर शाम तियानजिन (चीन) पहुंचे, जहां शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) शिखर सम्मेलन का आयोजन हुआ है। बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘चीन में गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए मैं आपका आभारी हूं। पिछले वर्ष कजान में हमारी मुलाकात ने हमारे संबंधों पर सकारात्मक असर डाला है। सीमा पर डिसइंगेजमेंट के बाद शांति और स्थिरता का माहौल बना हुआ है।’

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *