राजनीतिक इच्छाशक्ति थी, प्रतिबंध नहीं; ऑपरेशन सिंदूर पर वायुसेना प्रमुख ने किसे दिया क्रेडिट

वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने शनिवार को ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का क्रेडिट सरकार की राजनीतिक इच्छाशक्ति को दिया। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय वायुसेना को किसी भी तरह की पाबंदी का सामना नहीं करना पड़ा। उन्होंने यह भी कहा कि वायुसेना को मिशन की योजना बनाने और उसे अंजाम देने की पूरी आजादी थी। इस ऑपरेशन को 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में शुरू किया गया था। पाकिस्तान और पीओके में 100 से ज्यादा आतंकियों को मार गिराया गया और पाकिस्तान के कई एयरबेस भी तबाह हुए थे। एपी सिंह कर्नाटक के बेंगलुरु में एयर चीफ मार्शल एलएम कात्रे मेमोरियल लेक्चर के 16वें संस्करण को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने, “हम पर कोई पाबंदी नहीं लगाई गई। अगर कोई रुकावटें थीं, तो वे खुद पैदा की गई थीं.. और कहा कि आगे बढ़ने का फैसला भारतीय सेना को करना था।” सिंह ने आगे कहा, “हमें योजना बनाने और उसे अंजाम देने की पूरी आजादी थी। हमारे हमले सोच-समझकर किए गए थे क्योंकि हम इसके बारे में परिपक्व होना चाहते थे।” उन्होंने आगे कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का मुख्य कारण राजनीतिक इच्छाशक्ति थी। सिंह ने कहा कि सेना द्वारा किए गए सैन्य हमले सोचे-समझे गए थे क्योंकि हम इसके बारे में परिपक्व होना चाहते थे।

एयर चीफ मार्शल ने चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ के बारे में भी बात की और कहा कि इस पद ने वास्तविक अंतर पैदा किया। सिंह ने कहा, “वह हमें एकजुट करने के लिए मौजूद थे।” उन्होंने एजेंसियों को एकजुट करने में राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (एनएसए) की भूमिका पर भी प्रकाश डाला। अपने संबोधन के दौरान, सिंह ने पुष्टि की कि भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पांच पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों को मार गिराया था। सिंह ने कहा कि इन विमानों को एस-400 वायु रक्षा प्रणालियों ने मार गिराया था। उन्होंने यह भी बताया कि एक बड़ा एयरबोर्न अर्ली वार्निंग एंड कंट्रोल (AEWAC) या प्रारंभिक चेतावनी विमान भी नष्ट कर दिया गया था।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *