कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं. मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग वोट चोरी में शामिल है और उनके पास इस बात के स्पष्ट सबूत हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग BJP के लिए ये काम कर रहा है.
बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राहुल गांधी ने शुक्रवार, 1 अगस्त को मीडिया से बात की. उन्होंने कहा,
हमारे पास इस बात के स्पष्ट सबूत हैं कि चुनाव आयोग वोट चोरी में शामिल है… सबसे जरूरी बात यह है कि चुनाव आयोग में जो भी इस काम में शामिल हैं, ऊपर से नीचे तक, हम उन्हें छोड़ेंगे नहीं. आप भारत के खिलाफ काम कर रहे हैं और यह देशद्रोह से कम नहीं है. आप जहां कहीं भी हों, भले ही आप रिटायर्ड हों, हम आपको ढूंढ लेंगे.
राहुल गांधी ने कहा कि उनके पास ओपन एंड शट प्रूफ हैं कि चुनाव आयोग वोट चोरी में शामिल है. आगे कहा,
मैं ये हल्के में नहीं कह रहा हूं. मैं 100 फीसदी प्रूफ के साथ ये बोल रहा हूं. जैसे ही हम ये रिलीज करेंगे, वैसे ही पूरे देश को पता चल जाएगा कि इलेक्शन कमीशन वोट चोरी कर रहा है और किसके लिए कर रहा है? BJP के लिए कर रहा है.
कांग्रेस नेता ने कहा कि मध्य प्रदेश चुनाव के दौरान उन्हें संदेह था और लोकसभा में भी संदेह था. आगे कहा,
महाराष्ट्र में हमारा संदेह थोड़ा और गहरा हुआ… फिर हम डिटेल में गए. चुनाव आयोग ने हमारी मदद नहीं की. तो हमें गहराई में जाना पड़ा. हमने अपना ही इन्वेस्टिगेशन कराया. इसमें छह महीने का समय लगा. लेकिन हमें जो मिला है वो एटम बम है. ये फटेगा तो आपको हिंदुस्तान में इलेक्शन कमीशन कहीं नहीं दिखेगा.
इससे पहले भी राहुल गांधी ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दौरान वोटों में धांधली का मुद्दा उठाया था. तब राहुल गांधी ने कहा था कि उनके साथ महाराष्ट्र चुनाव में धोखा हुआ है.
![]()