शिलांग गए कपल के परिजन का पीएम मोदी को पत्र:भाई बोला- राजा की मौत की सीबीआई जांच कराएं, मेघालय सरकार मदद नहीं कर रही

इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या की जांच सीबीआई से कराने की मांग की जा रही है। राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने दैनिक भास्कर को बताया कि उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। रघुवंशी समाज ने इस मामले में इंदौर कमिश्नर दीपक सिंह को ज्ञापन सौंपा है।

2 जून को राजा का शव मेघालय के चेरापूंजी के पास सोहरारिम की एक घाटी में मिला, जबकि उनकी पत्नी सोनम अब भी लापता हैं। उसे ढूंढने के लिए सर्च अभियान जारी है। दंपती पूर्वोत्तर राज्य मेघालय में हनीमून मनाने गए थे। दोनों को आखिरी बार 23 मई को देखा गया था।
विपिन रघुवंशी ने बताया, हमने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर सीबीआई जांच की मांग की है। यह पत्र आयुक्त कार्यालय में जमा किया गया है। हम चाहते हैं कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री दोनों हमारा समर्थन करें, ताकि राजा को न्याय और सोनम को तलाशने में मदद मिल सके। जिस तरह से मेघालय पुलिस इस मामले की जांच कर रही है, उससे हमें न्याय की उम्मीद नहीं है।

शिलांग पुलिस सही से जांच नहीं कर रही

शिलांग से वापस आए भाई विपिन रघुवंशी ने बताया, शिलांग में सब कुछ ठीक नहीं है। वहां कई संवेदनशील मामलों को दबाया जा रहा है। राजा के लापता होने के बाद होटल मैनेजर, पास की चाय दुकान वाला और एक स्थानीय गाइड संदेह के घेरे में हैं, लेकिन पुलिस ने उनसे ठीक से पूछताछ नहीं की।
गाइड जब पुलिस के सामने लाया गया, तो उसने कहा कि वह राजा और सोनम को एक रास्ते तक छोड़कर आया था, जबकि उस इलाके में आगे का रास्ता दोनों को भी नहीं पता था। उस इलाके की सीमा बांग्लादेश से भी लगती है। स्थानीय लोगों से सुनने में आया है कि वहां नए कपल्स को शिकार बनाया जाता है और लड़कियों को अगवा कर लिया जाता है।

मेघालय सीएम बोले- हर संभव कोशिश कर रहे

मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा, हम इस घटना के पीछे मौजूद लोगों की जांच और गिरफ्तारी के लिए सभी जरूरी कदम उठाएंगे। मैं परिवार को आश्वस्त करता हूं कि राज्य सरकार और पुलिस बल इस मामले की जांच हर स्तर पर कर रहे हैं। यह घटना हमारे लिए बेहद दुखद है।

मां ने कहा- हत्यारे को उतारूंगी मौत के

घाट राजा के अंतिम संस्कार के तीसरे दिन मां उमा रघुवंशी ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि अगर मेरे हाथ हत्यारे लग जाएं तो उन्हें उसी हथियार से मौत के घाट उतार दूंगी। मुझे लगता है कि सोनम जिंदा है और मेरे बेटे की कोई न कोई परछाईं उसमें बाकी है। बस वह सुरक्षित मिल जाए।
शिलांग पुलिस ने शुरुआत से कोई मदद नहीं की। पीएम को इस मामले में सीबीआई जांच के लिए मेघालय सरकार को आदेश देना चाहिए। ताकि हमारे बच्चों को इंसाफ मिल सके।

11 मई को शादी, 20 को घूमने गए, 2 जून को शव मिला

राजा और सोनम ने पिछले महीने 11 मई को शादी की और 20 मई को इंदौर से शिलांग यात्रा के लिए रवाना हुए। परिवार के सदस्य के अनुसार, जोड़े के साथ परिवार की आखिरी बातचीत 23 मई की दोपहर को हुई थी और उसी दिन शाम तक उनका फोन बंद हो गया।
इसके बाद राजा और सोनम के भाई इंदौर से शिलांग पहुंचे और खोजबीन शुरू की। दो जून को सर्चिंग के दौरान राजा का शव बरामद हुआ। सोनम की तलाश की जा रही है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *