‘कद में छोटे और अहंकार में बड़े हैं ज्योतिरादित्य’, सिंधिया के गढ़ में ही प्रियंका गांधी ने कसा तंज

 
मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों के लिए 17 नवंबर को मतदान होगा। चुनाव से पहले दतिया विधानसभा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर जमकर निशाना साधा। प्रियंका ने सिंधिया को गद्दार बताया।

प्रियंका गांधी ने कहा, “क्या आप सिंधिया जी को जानते हैं? हमने उत्तर प्रदेश में एक साथ काम किया। हम यूपी के लोग अपनी शिकायत या गुस्सा व्यक्त कर देते हैं। हम सब कुछ बाहर निकाल देते हैं। हमें महाराज बोलने की आदत नहीं है।” कांग्रेस नेता ने तंज कसते हुए कहा कि क्या है कि वो कद में थोड़े छोटे पड़ गए लेकिन अहंकार में तो भई, वाह भई वाह। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता उनसे कहते थे कि उन्हें अपना काम कराने के लिए सिंधिया को महाराज बोलना पड़ता है और यह कार्यकर्ताओं की आदत नहीं है।

सिंधिया ने अपने परिवार की परंपरा अच्छे से निभाई- प्रियंका गांधी

कांग्रेस महासचिव ने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर कटाक्ष करते हुए कहा, “उन्होंने अपने परिवार की परंपरा अच्छे से निभाई है। विश्वासघात तो बहुतों ने किया है लेकिन इन्होंने ग्वालियर और चंबल की जनता के साथ विश्वासघात किया है। आपकी पीठ में छुरा घोंपा है। बनी-बनाई सरकार को गिरा दिया और वो सरकार आपकी थी, आपने वोट दिया था उसके लिए।”

प्रियंका ने सिंधिया का जिक्र करते हुए आगे कहा, “एक बात है, मोदी जी लोगों को पहचानने में माहिर हैं। उन्होंने दुनिया भर से गद्दारों और कायरों को इकट्ठा किया और उन्हें अपनी पार्टी में ले लिया।” प्रियंका ने कहा कि उन्हें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भाजपा के पुराने कार्यकर्ताओं पर दया आती है जिन्होंने संगठन के लिए कड़ी मेहनत की।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधते हुए प्रियंका गांधी ने उन्हें विश्व प्रसिद्ध अभिनेता करार दिया और कहा कि वह बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन को मात दे सकते हैं। लेकिन जब भी कोई काम के बारे में बात करता है तो वह असरानी (कॉमेडियन) की तरह व्यवहार करने लगते हैं। कांग्रेस महासचिव ने दतिया से भाजपा प्रत्याशी और प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि वह पूरे दिन फिल्में देखते हैं कि किसने क्या पहना है?

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *