उज्जैन में दुष्कर्म का वीडियो वायरल करने वाला मोहम्मद सलीम नागदा से गिरफ्तार

उज्जैन । उज्जैन के कोयला फाटक क्षेत्र में फुटपाथ पर एक महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया था। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। घटनाक्रम का वीडियो बनाने वाले की तलाश की जा रही थी। शनिवार को पुलिस ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से मोबाइल बरामद किया है।

एएसपी नीतेश भार्गव ने बताया कि बुधवार को कोयला फाटक क्षेत्र में फुटपाथ पर फल का ठेला लगाने वाले लोकेश निवासी राजीव गांधी नगर ने एक महिला से दुष्कर्म किया था। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

दुष्कर्म के आरोपित को पुलिस कर चुकी है गिरफ्तार

वीडियो के आधार पर पुलिस में लोकेश की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस वीडियो बनाने वाले की तलाश में जुटी थी। शनिवार को पुलिस ने वीडियो बनाने वाले आरोपित मोहम्मद सलीम पुत्र मोहम्मद यासीन शाह उम्र 42 वर्ष निवासी गली नंबर तीन प्रकाश नगर नागदा को गिरफ्तार कर लिया।

वीडियो बनाने वाले का मिला क्राइम रिकॉर्ड

आरोपित का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी पाया गया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ में जुटी है कि उसने मोबाइल से वीडियो क्यों बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल क्यों किया था। वहीं इस पूरे मामले में उसका कोई और साथी भी शामिल था या नहीं, उसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपित का मोबाइल जब्त कर लिया है। मोबाइल की साइबर सेल द्वारा जांच की जा रही है।

पुलिस ने फिलहाल आरोपित के खिलाफ बीएनएस 72, 77, 294, 67 आईटी एक्ट, महिलाओं का अशिष्ट चित्रण (निषेध) अधिनियम धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया है।

प्रियंका व राहुल गांधी ने भी की थी पोस्ट

दुष्कर्म के मामले को लेकर राजनीतिक काफी गर्मा रही है। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने भी मामले को लेकर पोस्ट की थी। जिसमें उन्होंने लिखा था कि उज्जैन में मानवता कलंकित हुई है। राहुल गांधी ने भी मामले को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखी थी। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी इसको लेकर सरकार पर निशाना साधा था।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *