नई दिल्ली। टीम इंडिया ने वनडे वर्ल्ड कप (World Cup 2023) में पाकिस्तान पर 8-0 की बढ़त बना ली है। रोहित की पलटन ने बाबर ब्रिगेड को 7 विकेट से करारी शिकस्त दे दी। इस जीत पर पीएम नरेंद्र मोदी से लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तक ने टीम इंडिया को बधाई दी।
हालांकि, कांग्रेस नेता राहुल गांधी टीम इंडिया को बधाई देने से चूक गए। भाजपा नेता और असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इस मामले को लेकर अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए राहुल गांधी पर तंज कसा है।
हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी पर कसा तंज
उन्होंने रविवार को लिखा,”कल (शनिवार) वर्ल्ड कप क्रिकेट में भारत ने पाकिस्तान को हरा दिया। पूरा देश खुशी से झूम उठा और जीत का जश्न मनाया। लेकिन ‘मोहब्बत की दुकान’ ने इस जीत पर एक शब्द भी नहीं कहा।”
हालांकि, टीम इंडिया की जीत पर कांग्रेस ने अपने X हैंडल पर टीम इंडिया को जीत की बधाई देते हुए लिखा,”अजेय भारत!” और एक तस्वीर साझा की।
पीएम मोदी ने जीत पर क्या कहा?
पीएम मोदी ने अपने X हैंडल पर लिखा,टीम इंडिया ने सर्वांगीण उत्कृष्टता के दम पर आज अहमदाबाद में एक शानदार जीत दर्ज की। टीम को बधाई और आगे के मैचों के लिए शुभकामनाएं।”
अमित शाह ने दी बधाई
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा,”तिरंगा ऊंचा लहरा रहा है।” उन्होंने आगे लिखा,”इस शानदार जीत के लिए हमारी क्रिकेट टीम के लिए तालियों की गड़गड़ाहट। टीम ने वनडे वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ अपनी जीत का सिलसिला जारी रखा है। आप सभी ने दिखाया है कि एक समान लक्ष्य के साथ निर्बाध टीमवर्क हमारे देश के लिए कितना गौरव हासिल कर सकता है। विश्व कप 2023 जीतने की दिशा में आपके अथक प्रयास के लिए मेरी शुभकामनाएं।”
मैच देखने स्टेडियम पहुंचे अमित शाह
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले का आनंद उठाने के लिए अमित शाह भी स्टेडियम पहुंचे थे। मैच के दौरान उन्होंने विक्ट्री साइन दिखाई। इस मैच को देखने के लिए स्टेडियम में एक लाख से ज्यादा दर्शक मौजूद थे। टीम इंडिया का अगला मुकाबला बांग्लादेश से 19 अक्टूबर को है।
![]()