पश्चिम बंगाल: शुभेंदु अधिकारी के PA की हत्या का पर्दाफाश… ऑफिस के ही स्टाफ सागर ने दी थी यूपी के शूटरों को सुपारी

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के करीबी सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर दी है. इनमें दो बीजेपी कार्यकर्ता सागर सोनकर और उनके भाई साहिब सोनकर भी शामिल हैं, जो रथ के दफ्तर में ही काम करते थे. 
जांच में सामने आया है कि सागर ने ही उत्तर प्रदेश के शूटरों को हत्या की सुपारी दी थी. रथ की हत्या 6 मई को मध्यमग्राम में गोली मारकर की गई थी, यह वह समय था जब पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आए हुए सिर्फ दो दिन हुए थे.

चंद्रनाथ रथ, सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक थे और भबानीपुर सीट से उनके चुनाव अभियान की पूरी जिम्मेदारी संभाल रहे थे. सीबीआई अधिकारियों के मुताबिक इस हत्या की साजिश दिसंबर 2025 से ही रची जा रही थी, लेकिन किसी न किसी वजह से वारदात की तारीख बार बार टलती रही. 

जांच एजेंसी को यह भी पता चला है कि सागर सोनकर साल 2020 तक एक विपक्षी पार्टी के विधायक के यहां काम करते थे, उसके बाद वह बीजेपी में शामिल हो गए थे. सीबीआई अब राज्य की एक प्रतिद्वंद्वी पार्टी के एक पदाधिकारी की भूमिका की भी जांच कर रही है.

सूत्रों के मुताबिक, सागर ने ही शूटर को हत्या के लिए पैसे और सुपारी दी थी. इस मामले में अब तक छह शूटरों को गिरफ्तार किया जा चुका है, इनके नाम हैं मोनू सिंह, राज सिंह, गोलू सिंह, मयंक राज मिश्रा, विक्की मौर्या और नवीन कुमार सिंह. इनके अलावा बिचौलिए विनय राय, संजय राय और विकास मिश्रा को भी सुपारी लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. एक आरोपी अभी भी फरार बताया जा रहा है.

सीबीआई ने चार्जशीट में साफ किया है कि सागर सोनकर ने पूरी हत्या की योजना बनाई और पैसों का इंतजाम किया, वहीं उनके भाई साहिब सोनकर पर साजिश रचने का आरोप है. विनय राय को सुपारी लेने वाला बिचौलिया बताया गया है, जबकि संजय राय पर पूरी वारदात की लॉजिस्टिक व्यवस्था संभालने का आरोप है. 
विकास मिश्रा को मुख्य साजिशकर्ताओं और बाहर से लाए गए शूटरों के बीच की कड़ी माना जा रहा है. राज सिंह उर्फ राज कुमार सिंह को मुख्य शूटर बताया गया है, जिसे राज्य की सीमा पार से पकड़ा गया था.
यह पूरा मामला पश्चिम बंगाल पुलिस से सीबीआई को राज्य सरकार के अनुरोध पर सौंपा गया था. रथ की हत्या ने चुनाव नतीजों के तुरंत बाद राज्य की राजनीति में हलचल मचा दी थी.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *