ISSF वर्ल्ड कप में भारत का डबल धमाका, ईशा सिंह ने जीता गोल्ड, मनु भाकर को ब्रॉन्ज

हांगझोउ में चल रहे ISSF वर्ल्ड कप में भारतीय निशानेबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है. सोमवार (27 जुलाई) को विमेंस 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में भारत की ईशा सिंह ने स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया, जबकि अनुभवी निशानेबाज मनु भाकर ने कांस्य पदक अपने नाम किया.
विश्व रिकॉर्ड धारक ईशा सिंह ने फाइनल में शुरुआत से ही अपना दबदबा कायम रखा. उन्होंने पूरे मुकाबले में शानदार सटीकता दिखाई और 50 शॉट्स में 40 अंक हासिल करते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया. ईशा सिंह ने मेजबान चीन की युयुए झांग को तीन अंकों के अंतर से पीछे छोड़ा. झांग ने 37 अंक के साथ रजत पदक जीता.
दूसरी ओर, दो बार की ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने भी शानदार जुझारूपन दिखाया. कांस्य पदक के मुकाबले में उनका सामना उत्तर कोरिया की ह्योन ग्योंग पाक से हुआ. दोनों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली और आखिरकार डबल शूटऑफ में मनु भाकर ने बाजी मारते हुए ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम कर लिया.

भारत के खाते में तीन पदक

ईशा सिंह के गोल्ड और मनु भाकर के ब्रॉन्ज के साथ मौजूदा टूर्नामेंट भारत की कुल पदक संख्या तीन हो गई है. इससे पहले भारतीय निशानेबाज सैन्यम ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीतकर भारत का खाता खोला था.

मेडल टैली में दूसरे स्थान पर भारत

हांगझोउ वर्ल्ड कप में चीन अब तक 14 पदक जीत चुका है, जिनमें छह स्वर्ण पदक शामिल हैं. मेजबान टीम पदक तालिका में पहले स्थान पर है, जबकि भारत तीन पदकों के साथ दूसरे स्थान पर बना हुआ है. भारतीय निशानेबाजों के मौजूदा प्रदर्शन ने आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं और बड़े टूर्नामेंटों के लिए भी उम्मीदें बढ़ा दी हैं.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *