5 साल में डबल हो गई NTA की इनकम, 2023-24 में 1,100 करोड़ से भी ज्यादा पहुंचा आंकड़ा

केंद्र सरकार की ओर से संसद में शेयर किए गए आंकड़ों के अनुसार, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की आय पांच सालों में दोगुनी से अधिक हो गई है, जो 2019-20 में 504.16 करोड़ रुपये से बढ़कर 2023-24 में 1,116.84 करोड़ रुपये हो गई है. शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने राज्यसभा में परीक्षा एजेंसी के कामकाज से संबंधित प्रश्नों का उत्तर देते हुए ये आंकड़ा पेश किया.ये आंकड़े एनटीए की आय और खर्च से जुड़े रिकॉर्ड का हिस्सा हैं. इन्हें उपार्जन लेखा प्रणाली के तहत तैयार किया गया था और एनटीए के शासी निकाय ने इन्हें मंजूरी दी थी. 

साल दर साल बढ़ रही एनटीए की आय 

इस दौरान एनटीए का खर्च भी बढ़ा है. 2019-20 में एजेंसी का व्यय 440.20 करोड़ रुपये था, जो बढ़कर 2023-24 में 1,040.96 करोड़ रुपये हो गया. वहीं, अगर पिछले पांच सालों के रिकॉर्ड पर नजर डाले तो- 
वर्ष     आय (करोड़ रुपये में)  व्यय (करोड़ रुपये में)
2019–20  504.16   440.20
2020–21  515.16   436.25
2021–22  508.47 426.52
2022–23 900.56 681.52
2023–24 1,116.84  1,040.96

आंकड़े बताते हैं कि एजेंसी की आय 2019-20 और 2021-22 के बीच लगभग 500 करोड़ रुपये के आसपास रही. हालांकि, 2022-23 में इसमें तेजी से बढ़त हुई और ये बढ़कर 900.56 करोड़ रुपये हो गई, जिसके बाद 2023-24 में एक और उछाल आया. 

परीक्षा से लेकर अभियानों तक 

केंद्र ने संसद को यह भी बताया कि 2018 में अपनी स्थापना के बाद से  एनटीए ने 6.6 करोड़ से अधिक उम्मीदवारों के रजिस्ट्रेशन के साथ 270 से अधिक परीक्षाएं आयोजित की हैं. एजेंसी ने अकेले 2026 में 12 परीक्षाएं आयोजित की जिनमें 65 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया.

अपने संचालन को सुचारू रूप से चलाने के लिए, एनटीए के पास वर्तमान में 39 स्थायी पद हैं, जो सभी प्रतिनियुक्ति के माध्यम से भरे गए हैं. इसके अलावा, यह 73 कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों को नियुक्त करता है और देश भर में परीक्षा गतिविधियों में सहयोग के लिए 124 कर्मचारियों को आउटसोर्स करता है. 

विवादों में आंकड़े 

एनटीए के यह आंकड़े ऐसे समय में आए हैं, जब NEET समेत एनटीए की ओर से आयोजित हुई परीाओं में गड़बड़ियां सामने आई है. इस मामले के बाद छात्रों ने प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर सुरक्षा, पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. 
केंद्र सरकार ने परीक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए कई कदम उठाने की घोषणा की है. NEET-UG की दोबारा परीक्षा जून में आयोजित की गई थी और इसके संशोधित परिणाम हाल ही में जारी किए गए हैं. 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *