पेपर लीक का बड़ा चेहरा गिरफ्त में, बिहार से दबोचा गया मास्टरमाइंड बिजेंद्र गुप्ता

महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. लंबे समय से फरार चल रहे कथित पेपर लीक माफिया बिजेंद्र गुप्ता को बिहार से गिरफ्तार कर लिया गया है. उसके साथ एक अन्य आरोपी को भी हिरासत में लिया गया है.
महाराष्ट्र पुलिस के मुताबिक, बिजेंद्र गुप्ता कई महीनों से गिरफ्तारी से बचता फिर रहा था. उसे पकड़ने के लिए बिहार समेत कई राज्यों में लगातार छापेमारी की जा रही थी. आखिरकार पुलिस ने उसे बिहार से गिरफ्तार कर लिया.

बिजेंद्र गुप्ता का नाम देश के कई चर्चित पेपर लीक मामलों में सामने आ चुका है. साल 2024 में NEET पेपर लीक विवाद के बाद आज तक/इंडिया टुडे के स्टिंग ऑपरेशन में उसने कथित तौर पर पेपर लीक सिंडिकेट के काम करने के तरीके और NTA की सुरक्षा व्यवस्था की कमजोरियों को लेकर कई दावे किए थे.

बिजेंद्र गुप्ता चकमा देकर पुलिस से बचता रहा

जांच एजेंसियों के मुताबिक, महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में इससे पहले बिजेंद्र गुप्ता की पत्नी समेत कई अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है. हालांकि, बिजेंद्र खुद लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था. उसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी.
अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद महाराष्ट्र पुलिस को उम्मीद है कि पेपर लीक नेटवर्क, उससे जुड़े अन्य आरोपियों और पूरे सिंडिकेट के संचालन को लेकर कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं. पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है.

छात्र आंदोलन के बीच बिजेंद्र गुप्ता की गिरफ्तारी अहम

बिजेंद्र गुप्ता की गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है, जब दिल्ली के जंतर-मंतर से लेकर देश के कई हिस्सों में NEET पेपर लीक और परीक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर छात्र आंदोलन जारी है. CJP के बैनर तले प्रदर्शन कर रहे छात्र लगातार पेपर लीक सिंडिकेट के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं. ऐसे में महाराष्ट्र TET पेपर लीक के कथित मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी को जांच एजेंसियों की बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है. 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *