भूटान ने ठुकराया एथेनॉल वाला पेट्रोल? भारत सरकार ने सब साफ कर दिया

‘द भूटानीज’ नाम के एक अखबार ने अपनी खबर में दावा किया था कि भूटान ने भारत के E20 ब्लेंड पेट्रोल के ऑफर को ठुकरा दिया है. भारत में एथेनॉल मिले पेट्रोल को लेकर विवाद के बीच इस दावे ने काफी हलचल मचाई थी. लेकिन अब भारत सरकार ने भूटानी अखबार के दावे को सिरे से खारिज कर दिया है. केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने उन खबरों को एकदम ‘गलत’ बताया, जिसमें दावा किया गया था कि भूटान ने भारत के E-20 ब्लेंड पेट्रोल के ऑफर को ठुकरा दिया है.

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की ओर से जारी प्रेस नोट में कहा गया,
मीडिया के कुछ हिस्सों में भूटान को E20 पेट्रोल सप्लाई को लेकर चल रही खबरें गलत हैं. भारतीय ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) की ओर से कोई ऐसा प्रस्ताव नहीं दिया गया है. भूटान को E-20 पेट्रोल एक्सपोर्ट करने का कोई ऑफर नहीं था और इसलिए भूटान के ऐसे किसी ऑफर को अस्वीकार करने का कोई सवाल ही नहीं उठता.

मंत्रालय ने लोगों से अपील की कि वो सिर्फ पेट्रोलियम-प्राकृतिक गैस मंत्रालय या भारतीय ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) की आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें.

सरकार की ओर से ये सफाई तब आई, जब ‘द भूटानीज’ नाम के अखबार ने भारत के E20 ब्लेंड पेट्रोल के ऑफर को इनकार करने की रिपोर्ट छापी थी. अखबार ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि भारत की तेल कंपनियों ने कई दफा भूटान को E20 ब्लेंड पेट्रोल का ऑफर दिया, लेकिन उसे स्वीकार नहीं किया गया.

फ्यूल स्टोरेज सिस्टम का हवाला दिया

अखबार ने ‘ऑफर स्वीकार न करने’ का कारण भी बताया कि भूटान के फ्यूल स्टोरेज सिस्टम E20 ब्लेंड पेट्रोल को स्टोर करने में कैपेबल नहीं है. इसलिए अभी इसे स्वीकार नहीं किया गया. साथ ही पहाड़ी इलाकों का भी हवाला दिया गया. अखबार ने अपनी खबर में बताया कि पेट्रोल के सप्लाई को लेकर भारत और भूटान के बीच कई टेक्निकल मीटिंग्स की गईं. इस दौरान भूटान ने भारत में पब्लिक सेक्टर अंडरटेकिंग से अपील की थी कि जब तक भारत के बाजारों में सामान्य पेट्रोल है, तब तक भूटान के लिए उसकी सप्लाई जारी रखें.
भूटान ने भारत से यह भी कहा कि अगर भारत हाई लेवल पर एथेनॉल की ब्लेंडिंग करता है या पूरी तरह से एथेनॉल ब्लेंडेड फ्यूल को अपनाता है तो भूटान को इस बात की पहले जानकारी दी जाए. ताकि भूटान के स्टोरेज टैंक को E20 ब्लेंड पेट्रोल को स्टोर करने लायक बनाया जा सके. 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *