मुंबई पुलिस ने दक्षिणी मुंबई के एक लग्जरी होटल में चल रहे कथित सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है. इस कार्रवाई में पुलिस ने फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी दो अभिनेत्रियों को रेस्क्यू किया है, जबकि इस रैकेट को संचालित करने के आरोप में एक मेकअप आर्टिस्ट को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई. अब इस मामले में जांच जारी है.
दक्षिण मुंबई के गिरगांव इलाके में मौजूद एक लग्जरी होटल में देह व्यापार के नेटवर्क का खुलासा हुआ है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग सेल (AHTC) को इस रैकेट के बारे में गुप्त सूचना मिली थी. सूचना की पुष्टि करने के लिए पुलिस ने एक डिकॉय ग्राहक को होटल भेजा. जब आरोपों की पुष्टि हो गई, तब पुलिस टीम ने होटल पर छापा मारकर कार्रवाई की.
पुलिस की छापेमारी के दौरान होटल परिसर से दो महिलाओं को रेस्क्यू किया गया. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इनमें से एक महिला मराठी फिल्म इंडस्ट्री की अभिनेत्री है. वहीं दूसरी महिला हिंदी और बंगाली फिल्मों में कैमियो और सहायक भूमिकाओं में काम कर चुकी है. दोनों महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकालकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई.
पीटीआई के मुताबिक, इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक मेकअप आर्टिस्ट को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि यही शख्स एजेंट के तौर पर काम कर रहा था और पूरे रैकेट का संचालन कर रहा था. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर ग्राहकों और महिलाओं के बीच संपर्क स्थापित करने का काम करता था. पुलिस अब उसके नेटवर्क और संपर्कों की गहराई से जांच कर रही है.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि यह रैकेट कब से संचालित हो रहा था और इसमें कितने लोग शामिल थे. इसके अलावा होटल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की जा रही है. पुलिस अन्य संभावित आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है.
अधिकारियों का कहना है कि मानव तस्करी और देह व्यापार से जुड़े मामलों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है. इस मामले में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके मोबाइल फोन तथा अन्य डिजिटल रिकॉर्ड की जांच भी की जाएगी. पुलिस को उम्मीद है कि जांच के दौरान इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी अहम जानकारी मिल सकती है.
![]()