जिनपिंग का ‘एंटी-करप्शन’ हंटर या सेना में बगावत का डर? चीन की टॉप पार्लियामेंट से 6 मिलिट्री कमांडरों की छुट्टी

चीन से जुड़ी एक बड़ी खबर आई है. यहां सरकार ने एक साथ कई बड़े सैन्य अधिकारियों और नेताओं को उनके पद से हटा दिया है. यह कार्रवाई शुक्रवार को हुई है और इसकी जानकारी सरकारी न्यूज एजेंसी शिन्हुआ ने दी है. 
इस लिस्ट में पूर्व वित्तीय नियामक प्रमुख ली युंझे और पोलित ब्यूरो के सदस्य मा शिंगरुई का नाम भी शामिल है, जो हाल ही में जांच के दायरे में आए थे. खास बात यह है कि अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि इन सभी को आखिर किस वजह से हटाया गया है.

चीन की सरकारी न्यूज एजेंसी शिन्हुआ ने बताया कि देश की टॉप विधायी संस्था नेशनल पीपल्स कांग्रेस ने छह सैन्य सांसदों के साथ-साथ दो बड़े नेताओं के पदों को खत्म कर दिया है. नेशनल पीपल्स कांग्रेस चीन की सबसे बड़ी कानून बनाने वाली संस्था है, इसलिए इसमें होने वाले बदलाव बहुत अहम माने जाते हैं. हटाए गए नेताओं में पूर्व वित्तीय नियामक प्रमुख ली युंझे और हाल ही में जांच का सामना कर रहे पोलित ब्यूरो सदस्य मा शिंगरुई का नाम शामिल है.

यह जानकारी नेशनल पीपल्स कांग्रेस की स्टैंडिंग कमेटी की तरफ से जारी एक नोटिस में दी गई है. इस नोटिस में किसी को भी हटाने की वजह नहीं बताई गई है. इसके अलावा चीन के डिफेंस मिनिस्ट्री से जब इस मामले पर जवाब मांगा गया तो वहां से भी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई.

बता दें कि यह कार्रवाई राष्ट्रपति शी जिनपिंग के भ्रष्टाचार विरोधी अभियान का ही एक हिस्सा है. यह अभियान पिछले कई सालों से चल रहा है और इसमें कई बड़े अधिकारियों और टॉप जनरलों की जांच हुई है, उन्हें हटाया गया है और पद से भी बेदखल किया गया है. यह ताजा कार्रवाई इस मामले में सबसे नई और बड़ी कड़ी मानी जा रही है.

जिन सैन्य सांसदों को हटाया गया है उनमें जनरल शू श्युछियांग का नाम सबसे ऊपर है. वो सेंट्रल मिलिट्री कमीशन के इक्विपमेंट डेवलपमेंट डिपार्टमेंट के प्रमुख थे. यह विभाग चीन की सेना यानी पीएलए के लिए हथियार और उपकरण बनाने, खरीदने और उनकी टेस्टिंग का काम देखता है. इसके साथ ही शू श्युछियांग साल 2022 से चीन के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम के कमांडर-इन-चीफ भी थे, यानी उनका पद बहुत बड़ा और अहम माना जाता था.
इनके अलावा जनरल ली फेंगबियाओ को भी हटाया गया है, जो पीएलए की वेस्टर्न थिएटर कमांड में पॉलिटिकल कमिश्नर के पद पर थे. जनरल गुओ पुक्षियाओ भी हटाए गए लोगों में हैं, जो पीएलए एयरफोर्स में पॉलिटिकल कमिश्नर के तौर पर काम कर रहे थे.
इन सबके अलावा ईस्टर्न थिएटर कमांड से वांग कांगपिंग, साइबरस्पेस फोर्स से झांग मिंगहुआ और आर्मी से यिन होंगशिंग को भी उनके पदों से हटाया गया है. इस तरह कुल छह सैन्य सांसदों के पद खत्म किए गए हैं.

जिन अधिकारियों को हटाया गया है, उनसे जब बात करने की कोशिश की गई तो वो किसी से भी संपर्क में नहीं आ सके. यानी इस पूरे मामले पर इन अधिकारियों की तरफ से भी अभी तक कोई बयान नहीं आया है.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *