क्रिकेट जगत के नए सुपरस्टार वैभव सूर्यवंशी ने अभी तक टीम इंडिया के लिए एक भी मैच नहीं खेला है, लेकिन आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से पहले ही वह सुर्खियों में आ गए हैं. इसकी वजह उनका प्रदर्शन नहीं, बल्कि यूनाइटेड किंगडम (UK) का एक ऐसा नियम है, जिसके चलते उन्हें भारतीय टीम के बाकी खिलाड़ियों से अलग ड्रेसिंग रूम का इस्तेमाल करना होगा.
महज 15 साल के वैभव को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया है. अगर उन्हें डेब्यू का मौका मिलता है तो वह भारतीय टीम के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले सबसे कम उम्र के प्लेयर बन जाएंगे. हालांकि मैदान पर उतरने से पहले ही उन्हें एक अलग व्यवस्था के तहत रहना होगा.
क्यों अलग होगा वैभव का ड्रेसिंग रूम?
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) की सेफगार्डिंग पॉलिसी के अनुसार 16 वर्ष से कम उम्र के खिलाड़ियों को वयस्क खिलाड़ियों के साथ ड्रेसिंग रूम और शॉवर सुविधाएं साझा करने की अनुमति नहीं है. चूंकि वैभव अभी 15 साल के हैं, इसलिए उन्हें भारतीय टीम के सीनियर खिलाड़ियों के साथ चेंजिंग रूम इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं मिलेगी.
यानी संजू सैमन, श्रेयस अय्यर और अन्य सीनियर खिलाड़ियों के साथ वैभव सूर्यवंशी टीम मीटिंग, अभ्यास सत्र और मैच की तैयारियों में तो शामिल रहेंगे, लेकिन कपड़े बदलने और शॉवर जैसी सुविधाओं के लिए उन्हें अलग कमरा दिया जाएगा. रिपोर्ट्स के मुताबिक जरूरत पड़ने पर वह मुख्य ड्रेसिंग रूम का इस्तेमाल कर सकते हैं, लेकिन तब जब वहां कोई अन्य खिलाड़ी मौजूद ना हो.
ब्रिटेन में यह नियम सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं है. कई खेलों में इसे सख्ती से लागू किया जाता है. इससे पहले इंग्लिश फुटबॉल क्लब आर्सेनल को भी युवा खिलाड़ियों ईथन नवानेरी और मैक्स डाउमैन के लिए अलग चेंजिंग रूम की व्यवस्था करनी पड़ी थी क्योंकि दोनों 16 साल से कम उम्र में सीनियर टीम का हिस्सा बने थे.
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट्स के अनुसार इस मामले में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) भी कोई हस्तक्षेप नहीं करने जा रही है. सूत्रों ने इस अखबार को बताया कि भारत vs आयरलैंड और भारत vs इंग्लैंड टी20 सीरीज आईसीसी इवेंट नहीं हैं, बल्कि द्विपक्षीय सीरीज हैं. ऐसे में स्थानीय कानून और सुरक्षा नियम ही लागू होंगे.
आयरलैंड दौरे पर भी यही रूल
क्रिकेट आयरलैंड ने भी पुष्टि की है कि आयरलैंड दौरे के दौरान वैभव सूर्यवंशी पर यही नियम लागू रहेगा. भारतीय टीम को तीन अलग-अलग कमरे उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया जा सके.
![]()