जेवर एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू, जानें किस शहर के लिए कब मिलेगी फ्लाइट

दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों का सालों पुराना सपना आखिरकार हकीकत में बदल गया है. जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NIA) से 15 जून को पहली कमर्शियल फ्लाइट की ऐतिहासिक लैंडिंग और टेक-ऑफ के बाद, 16 जून से देश के अलग -अलग प्रमुख शहरों के लिए नियमित उड़ानों का सिलसिला पूरी तरह शुरू हो चुका है. 
इस एयरपोर्ट के शुरू होने से न केवल दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर दबाव कम होगा, बल्कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, अलीगढ़ और मेरठ जैसे शहरों के यात्रियों को अब फ्लाइट पकड़ने के लिए दिल्ली जाने की मजबूरी से भी राहत मिल गई है. शुरुआती चरण में देश की दो दिग्गज एयरलाइंस इंडिगो (IndiGo) और आकासा एयर (Akasa Air) ने नोएडा एयरपोर्ट से अपनी उड़ानें शुरू की हैं. 

अगर आप भी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो जानते हैं कि किन-किन शहरों के लिए उड़ानें शुरू हुई हैं और उनका पूरा शेड्यूल और टाइमिंग क्या है.

इंडिगो का फ्लाइट शेड्यूल

शुरुआती चरण में इंडिगो नोएडा को बेंगलुरु, जम्मू और लखनऊ जैसे शहरों से जोड़ रही है, जिसे जुलाई तक बढ़ाकर 16 से अधिक शहरों तक किया जाएगा. इंडिगो की बेंगलुरु से नोएडा के लिए रोजाना उड़ान सुबह 8:50 बजे प्रस्थान करेगी. नोएडा से जम्मू जाने वाले यात्रियों के लिए नोएडा एयरपोर्ट से प्रतिदिन सुबह 10:05 बजे फ्लाइट उड़ान भरेगी. जम्मू से वापस नोएडा आने वाली फ्लाइट दोपहर 1:30 बजे उड़ान भरेगी. 
नोएडा से बेंगलुरु के लिए प्रतिदिन दोपहर 2:24 बजे इंडिगो की फ्लाइट उपलब्ध रहेगी. इसके अलावा, आपको बता दें कि 15 जून को नोएडा एयरपोर्ट पर उतरने वाली सबसे पहली आधिकारिक कमर्शियल फ्लाइट इंडिगो की ही थी, जो लखनऊ से सुबह आई थी. लखनऊ और नोएडा के बीच का नियमित शेड्यूल भी जल्द ही और मजबूत किया जा रहा है.

आकासा एयर (Akasa Air) का फ्लाइट शेड्यूल

आकासा एयर भी 16 जून से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अपनी कमर्शियल उड़ानें शुरू कर चुकी है. आकासा मुख्य रूप से बेंगलुरु और देश के एक और नए एयरपोर्ट ‘नवी मुंबई’ के लिए सीधी सेवाएं दे रही है. आकासा एयर की बेंगलुरु से नोएडा आने वाली फ्लाइट शाम को 7:15 बजे लैंड करेगी. नोएडा से वापस बेंगलुरु जाने वाले यात्रियों के लिए आकासा की फ्लाइट शाम 7:55 बजे उड़ान भरेगी.
आर्थिक राजधानी के नए एयरपोर्ट यानी नवी मुंबई से नोएडा के लिए फ्लाइट सुबह 9:35 बजे संचालित होगी.  नोएडा से नवी मुंबई जाने वाले यात्रियों के लिए प्रतिदिन सुबह 10:15 बजे आकासा की फ्लाइट उपलब्ध रहेगी. 
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के अधिकारियों और इंडिगो के मुताबिक, जून के महीने में इस एयरपोर्ट से रोजाना करीब 12 फ्लाइट्स का संचालन किया जा रहा है, लेकिन जुलाई 2026 से इस संख्या को बढ़ाकर 40 फ्लाइट्स प्रतिदिन कर दिया जाएगा. आने वाले हफ्तों में नोएडा सीधे तौर पर चंडीगढ़, देहरादून, अमृतसर, हैदराबाद, जयपुर, जोधपुर, भोपाल, बरेली, देहरादून, धर्मशाला, किशंडीगढ़ और पंतनगर जैसे टियर-2 और टियर-3 शहरों से भी जुड़ जाएगा. 
इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि व्यापारिक गतिविधियों में भी भारी तेजी आएगी. नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Jewar) के लिए टिकटों की बुकिंग इंडिगो और आकासा एयर की आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप्स पर लाइव कर दी गई है. चूंकि यह एनसीआर का बिल्कुल नया और अत्याधुनिक एयरपोर्ट है, इसलिए यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि वे फ्लाइट के समय से कम से कम 2 से 2.5 घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचें ताकि सुरक्षा जांच और बोर्डिंग की प्रक्रिया बिना किसी जल्दबाजी के पूरी हो सके.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *