बीजेपी और कांग्रेस को इंस्टाग्राम पर कॉकरोच पार्टी ने छोड़ा पीछे, भारत से X अकाउंट ब्लॉक!

इंस्टाग्राम पर इन दिनों कॉकरोच जनता पार्टी नाम का अकाउंट तेजी से सुर्खियों में है और अब इसने एक और बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है. पांच दिन से कम में इस अकाउंट को इंस्टाग्राम पर 1.35 करोड़ लोगों ने फॉलो किया है. 
इस अकाउंट ने पहले भारतीय जनता पार्टी (BJP) के इंस्टाग्राम हैंडल को पीछे छोड़ने के बाद अब इस अकाउंट ने कांग्रेस के ऑफिशियल हैंडल को भी फॉलोअर्स के मामले में पीछे छोड़ दिया है. यह पूरा घटनाक्रम बेहद तेजी से हुआ है, जिसने सोशल मीडिया की दुनिया में हलचल मचा दी है.

CJP का X अकाउंट भारत से ब्लॉक

इसी बीच कॉकरोच जनता पार्टी का X अकाउंट भारत में ब्लॉक हो चुका है. दरअसल कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो डाला है. इस वीडियो में वो स्क्रीनशॉट दिखा रहे हैं और बता रहे हैं कि उनकी पार्टी का X हैंडल भारत से सस्पेंड कर दिया गया है. हालांकि दूसरे देशों में ये हैंडल चालू है. 
स्क्रीनशॉट में देखा जा सकता है कि इस अकाउंट को X पर Withheld कर दिया गया है. अब इसके फाउंडर आरोप लगा रहे हैं कि पार्टी के अकाउंट्स पहले हैक करने की कोशिश की गई और अब इसे बैन कर दिया गया. उन्होंने कहा कि हमने कुछ गलत नहीं किया है, लेकिन फिर भी अकाउंट को X से ब्लॉक कर दिया गया है. 

तेजी से बढ़ रहे इंस्टा फॉलोअर्स

ताजा आंकड़ों के मुताबिक, कॉकरोच जनता पार्टी के फॉलोअर्स 1 करोड़ 30 लाख के पार पहुंच चुके हैं, जबकि कांग्रेस और बीजेपी के इंस्टाग्राम हैंडल के फॉलोअर्स इससे कम रह गए हैं.
खास बात यह है कि यह बढ़त कुछ महीनों या सालों में नहीं, बल्कि महज कुछ दिनों में हासिल की गई है. यही वजह है कि इस अकाउंट की ग्रोथ को लेकर लगातार चर्चा हो रही है और लोग इसे भारत का सबसे तेजी से बढ़ने वाला इंस्टाग्राम हैंडल बता रहे हैं.
इस अकाउंट की शुरुआत एक तरह के व्यंग्य और मीम प्लेटफॉर्म के तौर पर हुई थी, लेकिन बहुत कम समय में यह यंगसटर्स के बीच एक ट्रेंड बन गया. इसके पोस्ट में राजनीतिक तंज, सिस्टम पर कटाक्ष और वायरल मीम्स का ऐसा मेल है, जो सीधे युवाओं को जोड़ता है. 
सोशल मीडिया एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस अकाउंट की तेजी से बढ़ती लोकप्रियता के पीछे एल्गोरिदम, टाइमिंग और कंटेंट का बड़ा रोल है. जब कोई कंटेंट तेजी से शेयर होता है और उस पर ज्यादा एंगेजमेंट आता है, तो इंस्टाग्राम उसे और ज्यादा लोगों तक पहुंचाता है. कॉकरोच जनता पार्टी के साथ भी यही हो रहा है, जहां हर पोस्ट लाखों लोगों तक पहुंच रही है और लगातार नए फॉलोअर्स जुड़ रहे हैं.
हालांकि, यह भी ध्यान देने वाली बात है कि इतनी तेजी से बढ़ने वाले अकाउंट्स पर सवाल भी उठते हैं. कई बार इस तरह की ग्रोथ को लेकर ऑर्गेनिक और प्रमोटेड पहुंच पर बहस होती है. लेकिन फिलहाल जो ट्रेंड दिख रहा है, उसमें यह साफ है कि यह अकाउंट सोशल मीडिया पर एक बड़ा नाम बन चुका है.
कॉकरोच जनता पार्टी ने यह तो दिखा दिया है कि आज के डिजिटल दौर में कोई भी नया अकाउंट अगर सही तरीके से लोगों से जुड़ जाए, तो वह कुछ ही दिनों में बड़े-बड़े नामों को पीछे छोड़ सकता है. इंस्टाग्राम पर इसकी यह रफ्तार अब सबकी नजरों में है और आने वाले समय में यह और बड़े रिकॉर्ड बना सकता है.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *