विजय के शपथ समारोह में 2 बार गाया गया वंदे मातरम, जानिए- क्या है वजह

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय के शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत अलग अंदाज में हुई. इस दौरान ‘वंदे मातरम’ को लेकर केंद्र सरकार के नए दिशा-निर्देशों का पालन किया गया. हालांकि, पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में ये गीत नहीं बजाया गया था. 
आज चेन्नई में हुए शपथ ग्रहण समारोह में मंच पर राहुल गांधी और विजय एक साथ मौजूद थे. वहां राष्ट्रगान से पहले पूरा वंदे मातरम गाया गया. इसके बाद कार्यक्रम के अंत में तमिलनाडु का राज्य गीत ‘तमिल थाई वलथु’ भी बजाया गया.

बता दें कि इसी साल जनवरी में नरेंद्र मोदी सरकार ने एक नया प्रस्ताव मंजूर किया था. 28 जनवरी को गृह मंत्रालय के एक निर्देश के तहत सरकारी कार्यक्रमों में वंदे मातरम के शुरुआती दो छंदों के बजाय सभी छह छंद गाए जाने के लिए कहा गया था. 

गृह मंत्रालय ने अपने निर्देश में राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ को राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के समान दर्जा दिया है. ऐसे में विजय के शपथ ग्रहण समारोह में राष्ट्रगान से पहले वंदे मातरम के सभी छह छंद बजाए गए. इसके बाद राष्ट्रगान बजाया गया और समारोह की शुरुआत की गई. 

विपक्ष और ममता बनर्जी का विरोध

बता दें कि कांग्रेस और TMC ने ‘वंदे मातरम’ को राष्ट्रगान के समान दर्जा देने के नियम को लेकर आपत्ति जताई थी. फरवरी में पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसे रवींद्रनाथ टैगोर का अपमान बताया था. उनका कहना था कि टैगोर के लिखे गए राष्ट्रगान के साथ इस तरह के बदलाव नहीं होने चाहिए.

वहीं, कांग्रेस का कहना था कि 1937 में रवींद्रनाथ टैगोर की सलाह पर ही ‘वंदे मातरम’ के सिर्फ दो छंद अपनाने का फैसला लिया गया था, ताकि सभी समुदायों की भावनाओं का सम्मान हो सके. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि जो आज राष्ट्रवाद के रक्षक बन रहे हैं, उन्होंने पहले कभी वंदे मातरम नहीं गाया.

टीवीके के 9 नेताओं ने ली मंत्री पद की शपथ

विजय के साथ-साथ आज टीवीके के 9 नेताओं ने भी मंत्री पद की शपथ ली. इनमें थिरू एन. आनंद, सीटीआर निर्मल कुमार, अरुण राज, आधव अर्जुन, कीर्तना, राजमोहन, वेंकटरामनन और सेनगोट्टैयान के नाम शामिल हैं. 

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *