वेस्ट एशिया में जंग के बीच दुनिया के तमाम देशों में तेल-गैस का संकट गहराया हुआ है. सबसे बड़ी परेशानी दुनिया की जरूरत के 20% Crude-LPG-LNG की आवाजाही के महत्वपूर्ण होर्मुज स्ट्रेट के बंद होने से खड़ी हुई. भारत के भी कई तेल-गैस से लदे जहाज होर्मुज में फंसे हैं, जिनकी जानकारी बीते दिनों सरकार की ओर से खुद दी गई थी. अब ईरान की ओर से बड़ी खुशखबरी दी गई है, पहले Iran ने संयुक्त राष्ट्र को भेजे संदेश में संकेत दिए थे कि वो Hormuz Strait से सीमित समुद्री आवाजाही को परमिशन देगा.
अब ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने साफ कर दिया है कि रणनीतिक रूप से जरूरी होर्मुज फुल क्लोज नहीं है और भारत समेत पांच मित्र देशों के जहाजों को सुरक्षित रास्ता दिया जाएगा, इससे उम्मीद बढ़ गई है कि भारतीय झंडे वाले Oil-Gas Ships भारत आएंगे और तेल-गैस की किल्लत खत्म होगी.
भारत के अलावा इन देशों के लिए राहत
अमेरिका-इजरायल और ईरान में जारी युद्ध से मिडिल ईस्ट में उपजे भारी तनाव के बीच भारत के लिए गुड न्यूज आई है. ईरान ने 5 देशों के जहाजों को स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजरने की अनुमति दे दी है. विदेश मंत्री अब्बास अराघची इसका ऐलान किया है. उनके मुताबिक, भारत, चीन, रूस, इराक और पाकिस्तान के जहाजों को होर्मुज से रास्ता दिया जाएगा. अराघची ने ये भी बताया कि इन मित्र देशों ने हमसे संपर्क करके सुरक्षित समुद्री रूट की डिमांड की थी.
ईरानी विदेश मंत्री ने साफ कहा कि Hormuz Strait सिर्फ हमारे दुश्मन देशों और उनके सहयोगियों के लिए बंद है. उन्होंने कहा कि हम युद्ध में हैं, इसलिए अपने दुश्मनों के जहाजों को गुजरने देने का मतलब ही नहीं है. अराघची ने एक बार फिर से अपनी बात को दोहराते हुए कहा है कि अमेरिका के साथ किसी भी तरह की कोई औपचारिक बात नहीं हो रही है. बैकचैनल या मध्यस्थों के जरिए मैसेज भेजना कहीं से भी औपचारिक कूटनीति नहीं है.
पहले ही दे दिए थे Hormuz खोलने के संकेत
रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान की ओर से इससे पहले होर्मुज स्ट्रेट को सीमित रूप से खोलने के संकेत दिए गए थे. उसने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद और अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन को एक संदेश भेजकर इसे खोलने का प्लान शेयर किया था. इसमें कहा गया था कि होर्मुज को कुछ शर्तों के साथ आवाजाही के लिए सीमित तौर पर खोला जाएगा. इनके तहत जिन जहाजों को गैर-शत्रुतापूर्ण (Non-Hostile) माना जाता है, उन्हें इससे गुजरने की अनुमति दी जा सकती है, जबकि अमेरिका और इजरायल से जुड़े जहाजों पर प्रतिबंध लागू रहेगा.
Hormuz में फंसे भारत के 20 जहाजों का रास्ता साफ
US-Israel Vs Iran युद्ध के बीच भारत सरकार की ओर बीते मंगलवार होर्मुज में फंसे भारतीय जहाजों के बारे में जानकारी शेयर की गई थी. शिपिंग, वाटरवेज और पोर्ट्स मिनिस्ट्री के स्पेशल सेक्रेटरी राजेश कुमार सिन्हा ने कहा था कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के वेस्ट साइड में 20 भारतीय जहाज हैं, जो इस चोकपॉइंट को पार करने के लिए तैयार हैं. ऐसे में अब ईरान की ओर से भारतीय जहाजों को होर्मुज पार करने की परमिशन दिए जाने से ये फंसे हुए जहाज भारत आ सकते हैं, जो देश में तेल-गैस की किल्लत खत्म करने में मददगार होंगे.
राजेश सिन्हा ने भारत में तेल-गैस के संकट (Oil-LPG Crisis India) को लेकर भी तस्वीर साफ करते हुए कहा था कि भारत में पेट्रोल और डीजल की कोई कमी नहीं है. हमारे पास 1 लाख पेट्रोल पंप हैं और एक या 2 को छोड़कर बाकी सभी पेट्रोल पंप पर्याप्त सप्लाई के साथ की काम कर रहे हैं.
![]()