विदेशों में भारतीय दूतावासों पर हमला करने वाले खालिस्तानियों की NIA ने की पहचान, 43 संदिग्ध एजेंसी की रडार पर

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पिछले साल की शुरुआत में अमेरिका, ब्रिटेन और कनाडा में स्थित भारतीय दूतावासों पर हुए हमलों में शामिल 43 संदिग्धों की पहचान की है. सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी ने क्राउडसोर्सिंग के इस्तेमाल से सभी संदिग्धों को तलाशा है. एनआईए ने गृह मंत्रालय के आदेश के बाद इस साल जून में अमेरिका, ब्रिटेन और कनाडा में भारतीय राजनयिकों पर हमले का मामला अपने हाथ में लिया था.

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने इस साल आतंकी नेटवर्कों के खिलाफ अपनी कार्रवाई करते हुए देशभर में 68 मामले दर्ज करने के बाद 1000 से अधिक छापे मारे और 625 आरोपियों को गिरफ्तार किया.

एनआईए के एक अधिकारी के मुताबिक, एजेंसी ने अलग-अलग मामलों में 74 आरोपियों को सजा सुनाई, इसके साथ ही 94.70 प्रतिशत दोषसिद्धि दर (Conviction Rate) हासिल कर ली है.

भारत के दुश्मनों पर एनआईए की नजर

एनआईए के प्रवक्ता ने बताया कि पूरे साल ओटावा और लंदन में भारत के उच्चायोगों या फिर अमेरिका में भारत के वाणिज्य दूतावास पर हमले के बाद एनआईए एक्टिव मोड में रही. इन सारी घटनाओं के बाद एजेंसी ने हमलों के खिलाफ कार्रवाईयां भी की हैं.

विदेशों में भारत सरकार के दफ्तरों और दूतावासों पर हमले के पीछे की साजिश का पता लगाने के लिए एजेंसी ने 50 से ज्यादा छापे मारे और अलग-अलग जगह पर तलाशी अभियान चलाया.

एजेंसी की प्रवक्ता ने कहा, एनआईए ने हाल के महीनों में इन मामलों में अपनी जांच तेज कर दी है और भारत में 80 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की है. ये वे लोग हैं जिनपर साजिश में शामिल होने का शक है.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *