नई दिल्ली। दिल्ली क्राइम ब्रांच ने एक खतरनाक रैकेट का भंडाफोड़ किया है, जो एक्सपायर्ड फूड और कॉस्मेटिक उत्पादों को टैम्पर करके, फर्जी मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट प्रिंट करके खुले बाजार में ताजा स्टॉक के रूप में बेच रहा था।
रैकेट का खुलासा और छापेमारी
मुखबिर की सूचना पर क्राइम ब्रांच की टीम ने दिल्ली के जगतपुर के पुष्टा रोड की गली नंबर 9बी स्थित एक गोदाम पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान गाजियाबाद निवासी आरोपी ओमप्रकाश शर्मा (40 वर्ष) को अवैध सेटअप चलाते हुए पकड़ा गया।
जांच में पता चला कि आरोपी बड़ी मात्रा में एक्सपायर्ड फूड और कॉस्मेटिक उत्पादों को स्टोर कर रहा था। वह पैकेट पर दर्ज असली एक्सपायरी डेट और बैच नंबर को केमिकल के माध्यम से मिटाकर नई मैन्युफैक्चरिंग और एक्सपायरी डेट प्रिंट कर रहा था।
इसके बाद वह उन्हीं अधोमानक उत्पादों को दोबारा पैक कर बाजार में अनजान खरीदारों को सप्लाई कर रहा था।
गोदाम से नामी कंपनियों के एक्सपायर्ड प्रोडक्ट्स की भरमार मिली
• नेस्ले शुगर फ्री
• ग्लूकोन-डी
• डाबर गुलाबारी बॉडी लोशन
• डाबर गुलाबारी रोज वॉटर
• क्लीन एंड क्लियर फेस वॉश
• विक्स वेपरब
• डाबर लाल तेल
• ओडोमोस
• ऑलिव ऑयल
• डाबर च्यवनप्राश
• सैवलॉन एंटीसेप्टिक
प्रिंटिंग फ्रेम, लेबलिंग सामग्री और अन्य उपकरण भी जब्त
इसके अलावा पुलिस ने बताया कि एक्सपायरी और मैन्युफैक्चरिंग डिटेल्स बदलने के लिए इस्तेमाल में लाई जाने वाली प्रिंटिंग फ्रेम, लेबलिंग सामग्री और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं। बरामदगी की मात्रा से पता चलता है कि यह एक संगठित फर्जीवाड़ा था। इस संबंध में क्राइम ब्रांच ने मुकदमा दर्जकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल, आरोपी ओमप्रकाश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के सामने अब भी कई चुनौती
अब पुलिस एक्सपायर्ड स्टॉक का स्रोत कहां से एकत्र किया जा रहा था, यह पता लगाने का प्रयास कर रही है। साथ ही, थोक सप्लायर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स की पहचान कर उनकी भी गिरफ्तारी की जाएगी। अंत में पुलिस उन उन रिटेलर्स और बाजारों की भी पहचान करने की कोशिश कर रही है, जहां ऐसे उत्पाद बेचे जा रहे थे।
![]()