अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने एक बार फिर भारत-पाकिस्तान के बीच मई 2025 में हुए सैन्य संघर्ष को रुकवाने का क्रेडिट लिया है. साथ ही उन्होंने इस बार कई नए दावे भी किए. ट्रंप ने कहा कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान पर 200% टैरिफ लगाने की धमकी दी थी. दावा किया कि उन्होंने पीएम मोदी और शाहबाज शरीफ दोनों को फोन किया था और कहा था कि लड़ाई रोक दो, नहीं तो मैं तुम्हारे साथ ट्रेड डील नहीं करूंगा. ट्रंप के मुताबिक इसके बाद दोनों दोनों देश सैन्य संघर्ष रोकने के लिए तैयार हो गए थे.
ट्रंप ने लड़ाई में गिरने वाले फाइटर जेट की संख्या भी बढ़ा दी है. अब उन्होंने कहा है कि संघर्ष के दौरान 11 महंगे फाइटर जेट गिरे थे. इससे पहले के भाषणों में उन्होंने 7-8 जेट गिरने के दावे किए थे. हालांकि हर बार की तरह इस बार भी ट्रंप ने साफ नहीं किया कि फाइटर जेट किस देश के गिरे थे. साथ ही ट्रंप ने कहा कि उन्होंने इस लड़ाई को रोककर 25 मिलियन यानी 2.5 करोड़ लोगों की जान बचाई.
ट्रंप ने क्या-क्या कहा?
डॉनल्ड ट्रंप गुरुवार, 19 फरवरी को अपने बोर्ड ऑफ पीस की मीटिंग में भाषण दे रहे थे. इसी दौरान उन्होंने फिर से भारत-पाकिस्तान संघर्ष का जिक्र किया और उसे रुकवाने का क्रेडिट लेने की कोशिश की. जब ट्रंप बोल रहे थे, तब मंच पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज शरीफ भी मौजूद थे. ट्रंप ने कहा,
उन्होंने (शाहबाज शरीफ) हमारे चीफ ऑफ स्टाफ के सामने कहा कि प्रेसिडेंट ट्रंप ने 25 मिलियन जानें बचाईं, जब उन्होंने हमारे और इंडिया के बीच जंग रोकी. वह जंग ज़ोरों पर थी. प्लेन गिराए जा रहे थे. और मेरी उन दोनों से फोन पर बात हुई. और मैं उन्हें थोड़ा-बहुत जानता था. मैं प्राइम मिनिस्टर मोदी को बहुत अच्छे से जानता था. मैंने उन्हें फोन किया और कहा, सुनो, अगर तुम लोग इसे सुलझा नहीं पाए तो मैं तुम दोनों के साथ ट्रेड डील नहीं करूंगा. और अचानक, हमने एक डील कर ली. मैंने कहा, अगर तुम लड़ोगे, तो मैं तुम दोनों देशों पर 200 परसेंट टैरिफ़ लगा दूंगा. वे दोनों लड़ना चाहते थे. लेकिन जब पैसे की बात आई, तो यह पैसे जैसा कुछ नहीं था. जब बहुत सारा पैसा खोने की बात आई, तो उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि हम लड़ना नहीं चाहते. 11 जेट मार गिराए गए. बहुत महंगे जेट.
इसके बाद ट्रंप ने कहा कि पाकिस्तान और इंडिया के बीच लड़ाई एक बड़ी बात थी. उन्होंने जंग रोकने के लिए दोनों देशों को धन्यवाद दिया. फिर कहा कि मैंने प्राइम मिनिस्टर मोदी से बात की, वह एक्साइटेड हैं, वह अभी हमें देख रहे हैं.
मालूम हो कि डॉनल्ड ट्रंप अब तक अनगिनत बार भारत-पाकिस्तान संघर्ष रुकवाने का दावा कर चुके हैं. पाकिस्तान भी उनके इस दावे का खुलकर समर्थन करता आया है और इसे लेकर ट्रंप को नोबेल पीस प्राइज के लिए भी नॉमिनेट कर चुका है. हालांकि, भारत ने कभी भी इन दावों को सच नहीं माना है. हमेशा यही कहा है कि दोनों देशों के बीच बातचीत में किसी तीसरे पक्ष की कोई भूमिका नहीं थी. साथ ही भारत ने यह भी साफ कहा है कि दोनों देशों के DGMO की बात होने के बाद ही मिलिट्री संघर्ष रोका गया था.
![]()