MP के 25 शहरों में तापमान 10°C से कम:यूपी में शिमला से ज्यादा सर्दी, पारा 4.5°C पहुंचा; दिल्ली में 270 फ्लाइट लेट, 10 कैंसिल

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड में पड़ाहों पर बर्फबारी के चलते मैदानी राज्यों में तेज सर्दी पड़ रही है। मध्य प्रदेश में सोमवार रात 25 शहरों का तापमान 10° सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड हुआ। पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री पहुंच गया।

उत्तर प्रदेश में 26 जिले शिमला से ज्यादा ठंडे रहे। बाराबंकी में सोमवार रात पारा 4.5°C दर्ज हुआ। इटावा, शाहजहांपुर, कानपुर और बुलंदशहर में 7 डिग्री से कम तापमान रहा। 48 घंटे में सर्दी से 3 लोगों की मौत हो चुकी है। 9 शहरों में 8वीं तक के स्कूल आज बंद किए गए हैं।
उत्तराखंड के नैनीताल में कल 6°C और हिमाचल के शिमला में 11°C पारा रिकॉर्ड हुआ। जम्मू के पहाड़ी इलाकों में दो दिनोंं से बर्फबारी का दौर जारी है। इसके कारण रात के तापमान में गिरावट आई है। गुलमर्ग का तापमान -2.0°C रिकॉर्ड किया गया।
दिल्ली में कोहरे के कारण विजिबिलिटी काफी कम रही। इसके कारण आज IGI एयरपोर्ट पर 270 फ्लाइट देरी से ऑपरेट हो रही हैं। 10 फ्लाइट कैंसिल की गईं, जिसमें 6 आने वाली और 4 जाने वाली फ्लाइट शामिल हैं।

राज्यों में अगले 3 दिन के मौसम का हाल…
24 दिसंबर: 8 राज्यों में कोहरा, 2 पहाड़ी राज्यों में तेज सर्दी
• पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ में सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा रहने की आशंका। विजिबिलिटी काफी कम हो सकती है।
• जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कोल्ड वेव और तेज सर्दी जारी रहने की संभावना, बर्फबारी-बारिश के आसार।।
25 दिसंबर: कोहरा और ठंड का असर बना रहेगा
• पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार में सुबह और देर रात बहुत घना कोहरा छाने की संभावना।
• मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़ में भी घने कोहरे के हालात बन सकते हैं।
• जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में ठंड और कोहरे का असर बना रहेगा।
26 दिसंबर: कोहरे की व्यापक पकड़, ठंड कायम
• पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़ में घना से बहुत घना कोहरा बने रहने की संभावना। सुबह के समय हाईवे, रेल और उड़ानों पर असर पड़ सकता है।
• जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में तेज सर्दी और शीतलहर की स्थिति जारी।
• पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी-बारिश से ठंड और बढ़ सकती है।

मध्य प्रदेश : 25 शहरों में पारा 10°C से कम, पचमढ़ी सबसे ठंडा; 22 जिलों में घना कोहरा, दतिया-रीवा में 50 मीटर विजिबिलिटी

मध्य प्रदेश के कई शहरों में सोमवार की रात तापमान में गिरावट हुई। 25 शहरों में पारा 10 डिग्री से कम दर्ज हुआ। पचमढ़ी सबसे ठंडा रहा। यहां न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री पहुंच गया। भोपाल और इंदौर में तापमान 8.8 डिग्री रहा। ग्वालियर, चंबल, रीवा, सागर, जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग के 22 जिलों में घना कोहरा रहा। कोहरे के कारण विजिबिलिटी 50 मीटर रह गई।

उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में कोहरा का असर बढ़ गया है। देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर, चंपावत और पौड़ी के मैदानी इलाकों में हल्की धुंध है। वहीं पहाड़ों में पाला गिरा है, जिससे सुबह-शाम ठंड बढ़ गई है। पहाड़ों पर बर्फबारी नहीं होने से प्रदेशभर में तेज ठंड पड़ रही है। बद्रीनाथ में तापमान -16°C चला गया है।

पटना सहित पूरे बिहार में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। कोहरे और कोल्ड डे ने परेशानी और बढ़ा दी है। मंगलवार सुबह पटना, जहानाबाद, भागलपुर, जमुई और बक्सर में घना कोहरा छाया रहा। विजिबिलिटी 10 मीटर से कम रही। मौसम विभाग ने आज 7 जिलों में सुबह और देर रात को घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। 5 जिलों में कोल्ड-डे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। सोमवार रात 4 जिलों का तापमान 8 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। राजगीर 6.6 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा।

यूपी में शीतलहर और कोहरे से हालात बिगड़ने लगे हैं। 48 घंटे में ठंड से 3 लोगों की मौत हो चुकी है। लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर समेत 30 शहर घने कोहरे की चपेट में हैं। कई शहरों में विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई है। सड़कों पर सन्नाटा पसरा है। 9 शहरों में 8वीं तक के स्कूल मंगलवार को बंद हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में क्रिसमस पर भी मौसम बिगड़ा रहेगा। तापमान 6 डिग्री से 11 डिग्री के बीच रहेगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *