जल रहा बांग्लादेश… उस्मान हादी को ढाका यूनिवर्सिटी कैंपस में दफन करने की तैयारी, जनाजे में मोहम्मद यूनुस भी होंगे शामिल

इंकिलाब मंच के प्रवक्ता शरीफ उस्मान हादी का नमाज-ए-जनाजा शनिवार को ढाका स्थित संसद भवन (जतियो संसद भवन) के साउथ प्लाजा में दोपहर 2 बजे अदा किया जाएगा. इस संबंध में मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस के प्रेस विंग ने आधिकारिक पुष्टि की है.  हादी को बांग्लादेश के राष्ट्रीय कवि काजी नजरुल इस्लाम की कब्र के पास दफनाया जाएगा. जनाजे में अंतरिम सरकार के नेता मोहम्मद यूनुस भी शामिल होंगे.

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जनाजे को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और आम लोगों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार का बैग या भारी सामान साथ न लाएं. साथ ही संसद भवन और उसके आसपास ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है.

ढाका यूनिवर्सिटी सेंट्रल स्टूडेंट्स यूनियन (डकसू) की मुक्ति संग्राम और लोकतांत्रिक आंदोलन सचिव फातिमा तस्नीम जुमा ने बताया कि परिवार की इच्छा के अनुसार शरीफ उस्मान हादी को ढाका यूनिवर्सिटी कैंपस में सेंट्रल मस्जिद के पास राष्ट्रीय कवि काजी नजरुल इस्लाम के मकबरे के पास दफनाया जाएगा. उन्होंने कहा कि दोपहर की नमाज के बाद मणिक मिया एवेन्यू में जनाजा होगा. बताया जा रहा है कि देश के कोने-कोने से उनके समर्थक जुड़ रहे हैं.

बांग्लादेश में एक दिन का राजकीय शोक

शरीफ उस्मान हादी के निधन पर मुख्य सलाहकार प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस ने शनिवार को एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है. शुक्रवार शाम को हादी का पार्थिव शरीर सिंगापुर से ढाका लाया गया. विमान बांग्लादेश एयरलाइंस की उड़ान शाम करीब 5:48 बजे हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी, जहां उनका ताबूत बांग्लादेश के राष्ट्रीय ध्वज में लिपटा हुआ था.

शरीफ उस्मान हादी को मारी गई थी गोली

शरीफ उस्मान हादी का गुरुवार रात सिंगापुर जनरल हॉस्पिटल में निधन हो गया. 12 दिसंबर को राजधानी ढाका के पुराना पल्टन इलाके में चुनाव प्रचार के दौरान उन पर हमला हुआ था, जिसमें उन्हें सिर में गंभीर गोली लगने की चोट आई थी. पहले उन्हें ढाका मेडिकल कॉलेज अस्पताल और एवरकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया, इसके बाद 15 दिसंबर को बेहतर इलाज के लिए सिंगापुर एयरलिफ्ट किया गया था.
फातिमा तस्नीम जुमा ने छात्रों और समर्थकों से अपील की कि वे आंदोलन को शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से आगे बढ़ाएं. उन्होंने कहा कि जनाजे को देखने की अनुमति नहीं होगी और सभी से अनुरोध है कि वे व्यवस्था बनाए रखें और “शहीद हादी” के लिए दुआ करें.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *