नई दिल्ली. मारुति सुजुकी इंडिया, हुंडई मोटर इंडिया और टाटा मोटर्स जैसी कार निर्माता कंपनियों ने 22 सितंबर को ऐतिहासिक बिक्री दर्ज की, क्योंकि नौ दिन के नवरात्रि का पहला दिन और गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) 2.0 व्यवस्था का शुभारंभ एक साथ हुआ. मारुति ने 22 सितंबर को लगभग 30,000 कारें डिलीवर कीं, जबकि 80,000 इंक्वायरी रिसीव कीं. कार निर्माता के मुताबिक, यह पिछले तीन दशकों यानी 30 सालों में सबसे तगड़ा कस्टमर रिस्पॉन्स था.
नवरात्रि पर जमकर खरीदारी
हुंडई ने नवरात्रि के पहले दिन लगभग 11,000 डीलर बिलिंग्स दर्ज कीं, जो पिछले 5 सालों में उसकी सबसे अच्छी सिंगल डे सेल थी. टाटा ने लगभग 10,000 कार डिलीवरी की, जो कंपनी के लिए एक पर्सनल बेस्ट परफॉर्मेंस है.
बदल गया जीएसटी स्ट्रक्चर
नई GST स्ट्रक्चर के तहत, छोटी कारें (4 मीटर से कम मॉडल) 18% स्लैब में हैं, जबकि ऑटोमोबाइल पर मुआवजा उपकर यानी सेस पूरी तरह से हटा दिया गया है. पहले उन पर 28% GST और 1% से 3% सेस लगता था, जिससे कुल कर दर 29% से 31% होती थी. बड़े मॉडल और लक्जरी कारें अब 40% स्लैब में रखी गई हैं. GST 1.0 व्यवस्था में, उन पर कुल कर दर 43% से 50% (28% GST + 15% से 22% मुआवजा उपकर) थी. GST 2.0 व्यवस्था में सभी सेगमेंट की कारें सस्ती हो गई हैं, और कंपनियां भी बिक्री बढ़ाने के लिए एडिशनल ऑफर्स भी दे रही हैं.
सस्ती हो गईं मारुति की कारें
मॉडल एक्स-शोरूम कीमत में कटौता (रुपये में) नई कीमत (रुपये में)
मारुति सुजुकी एस-प्रेसो 129,600 तक 349,900
मारुति सुजुकी ऑल्टो K10 107,600 तक 369,900
मारुति सुजुकी सेलेरियो 94,100 तक 469,900
मारुति सुजुकी वैगन-R 79,600 तक 498,900
मारुति सुजुकी इग्निस 71,300 तक 535,100
मारुति सुजुकी स्विफ्ट 84,600 तक 578,900
मारुति सुजुकी बलेनो 86,100 तक 598,900
मारुति सुजुकी टूर S 67,200 तक 623,800
मारुति सुजुकी डिजायर 87,700 तक 625,600
मारुति सुजुकी फ्रोंक्स 112,600 तक 684,900
मारुति सुजुकी ब्रेजा 112,700 तक 825,900
मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा 107,000 तक 1,076,500
मारुति सुजुकी जिम्नी 51,900 तक 1,231,500
मारुति सुजुकी अर्टिगा 46,400 तक 880,000
मारुति सुजुकी XL6 52,000 तक 1,152,300
मारुति सुजुकी इनविक्टो 61,700 तक 2,497,400
मारुति ईको 68,000 तक 518,100
सुपर कैरी 52,100 तक 506,100
30,000 कारों की डिलिवरी
मारुति के मार्केटिंग और सेल्स के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर, पार्थो बनर्जी ने कहा, “ग्राहकों की प्रतिक्रिया अद्भुत रही है – कुछ ऐसा जो हमने पिछले 35 सालों में नहीं देखा. पहले ही दिन, हमने 80,000 इंक्वायरी दर्ज कीं,” उन्होंने कहा कि लगभग 30,000 कारें डिलीवर की गईं. मारुति ने 18 सितंबर को GST के ऊपर एडिशनल ऑफर्स की घोषणा के बाद से प्रतिदिन लगभग 15,000 बुकिंग हासिल की हैं. वर्तमान बुकिंग अब गैर-त्योहारी सीजन की तुलना में 50% अधिक है.
![]()