जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे के बाद उपराष्ट्रपति पद के लिए होने वाले चुनाव की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने अपने उम्मीदवार को अंतिम रूप देने के लिए चर्चा शुरू कर दी है। उम्मीदवार के नाम को अंतिम रूप देने के लिए कल यानी 17 अगस्त को भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक होगी। इस रेस में कई प्रमुख नाम सामने आए हैं, जिनमें एक मुस्लिम दिग्गज का नाम भी शामिल हुआ
रिपोर्ट के मुताबिक, भाजपा गठबंधन के संभावित उम्मीदवारों में बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान का नाम भी शामिल है। उनके अलावा, दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत, सिक्किम के राज्यपाल ओम माथुर और गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत शामिल हैं। वहीं, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के विचारक शेषाद्रि चारी का नाम भी संभावित उम्मीदवारों की सूची में है। बिहार के राज्यपाल अरिफ मोहम्मद खान प्रमुख दावेदारों के रूप में शामिल हैं।
वर्तमान राज्यसभा उपसभापति हरिवंश का नाम भी बिहार विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए विचाराधीन है, हालांकि बीजेपी पहले ही संकेत दे चुकी है कि अगला उपराष्ट्रपति पार्टी से ही होगा और ऐसा व्यक्ति होगा जो पार्टी और आरएसएस की विचारधारा से गहराई से जुड़ा हो। हरिवंश नीतीश कुमार की जेडीयू के राज्यसभा सांसद हैं। पिछले एक महीने में कई राज्यपाल और उपराज्यपाल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर चुके हैं।
धनखड़ का अचानक इस्तीफा
जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई, को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद यह पद खाली हो गया। उनका कार्यकाल अगस्त 2027 तक था। इस्तीफे के पीछे केंद्र सरकार और उनके बीच विश्वास की कमी और मतभेद भी अहम कारण रहे। बताया जा रहा है कि पिछले एक वर्ष में धनखड़ ने कई फैसले सरकार से बिना परामर्श लिए किए। चरम बिंदु तब आया जब उन्होंने न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा के महाभियोग पर सरकार के रुख से असहमति जताई। बीजेपी इस बार बेहद सतर्क है और ऐसा उम्मीदवार चाहती है जिसके साथ पार्टी का तालमेल और विश्वास कायम रहे। भले ही उपराष्ट्रपति के पास सीमित संवैधानिक शक्तियां हों, लेकिन वह राज्यसभा की कार्यवाही और उससे जुड़े फैसलों की जिम्मेदारी संभालते हैं, जो राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
एनडीए की रणनीति और उम्मीदवारों की चर्चा
एनडीए ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को उपराष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवार चुनने का अधिकार सौंपा है। इस दौड़ में शामिल प्रमुख नामों में आरिफ मोहम्मद खान का नाम विशेष रूप से चर्चा में है। खान वर्तमान में बिहार के राज्यपाल हैं और पहले केरल के राज्यपाल रह चुके हैं। उनको उनकी बौद्धिक क्षमता और भाजपा के प्रति निष्ठा के लिए जाना जाता है। उनके नाम को लेकर सोशल मीडिया पर भी खासी चर्चा है।
भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक रविवार को
उपराष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार के नाम को अंतिम रूप देने के वास्ते पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक 17 अगस्त को होने की संभावना है। इस पद के लिए होने वाले चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 अगस्त है। प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों के अलावा भाजपा नीत गठबंधन के शासन वाले राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी राजग उम्मीदवार के नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया का हिस्सा हो सकते हैं।
सूत्रों ने बताया कि संसद का मॉनसून सत्र एक छोटे अवकाश के बाद 18 अगस्त से पुनः शुरू हो रहा है और राजग उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल करने से पहले भाजपा एवं उसके सहयोगी दलों के नेताओं की बैठक में शामिल हो सकता है। एक नेता ने बताया कि राजग उम्मीदवार के समर्थन में सांसदों द्वारा कई सेट नामांकन दाखिल किए जाएंगे।
अगर विपक्ष भी अपने उम्मीदवार की घोषणा करता है, जिसकी प्रबल संभावना है, तो उपराष्ट्रपति चुनाव 9 सितंबर को होगा। राजग को निर्वाचक मंडल में पूर्ण बहुमत हासिल है, जिसमें लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य शामिल हैं। मुकाबले की स्थिति में सत्तारूढ़ गठबंधन के उम्मीदवार की जीत तय है।
![]()