भारतीय अंतरिक्ष यात्री कैप्टन शुभांशु शुक्ला हाल ही में अंतरिक्ष यात्रा से लौटे हैं। उन्होंने इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर 18 दिन बिताए। अंतरिक्ष फतह करने के बाद अब अब शुभांशु शुक्ला पहली बार भारत लौट रहे हैं। अपनी भारत यात्रा को लेकर शुभांशु शुक्ला ने एक भावुक पोस्ट लिखी है। उन्होंने यह पोस्ट हवाई जहाज में बैठकर इंस्टाग्राम पर शेयर की है। शुभांशु ने अपनी पोस्ट में भारत वापस लौटने के अनुभव को बयां किया है।
थोड़ी खुशी, थोड़ा गम
शुभांशु शुक्ला ने अपनी पोस्ट में लिखा कि भारत वापस लौटने के लिए जहाज में बैठते वक्त मन में भावनाओं का ज्वार उठ रहा है। एक तरफ तो मैं दुखी हूं क्योंकि अपने पीछे बहुत सारे दोस्तों और मिशन के दौरान परिवार जैसे बन चुकी टीम को छोड़ रहा हूं। वहीं, अंतरिक्ष मिशन की कामयाबी के बाद पहली बार अपने देश आने का उत्साह भी है। मैं अपने दोस्तों से अपने परिवार से मिलने को लेकर काफी ज्यादा रोमांचित हूं। शुभांशु ने आगे लिखा कि शायद इसी का नाम जिंदगी है।
लोगों के प्यार के लिए आभार
इसके साथ ही शुभांशु ने मिशन के दौरान खुद को मिले समर्थन के लिए सभी का आभार जताया है। उन्होंने लिखा कि मिशन के दौरान और उसके बाद लोगों ने मुझे खूब समर्थन और प्यार दिया। अब मैं भारत लौटकर अपना अनुभव बांटने के लिए और इंतजार नहीं कर सकता। इसके अलावा उन्होंने मिशन के दौरान कमांडर रही पेगी व्हिटसन का भी आभार जताया। शुभांशु ने लिखा है कि गुडबाय करना बहुत कठिन होता है। लेकिन जिंदगी में आगे बढ़ना होता है। उन्होंने लिखा कि हमारी कमांडर व्हिटसन कहती हैं कि अंतरिक्ष की उड़ान में बस एक ही चीज स्थिर होती है वह है परिवर्तन। मुझे लगता है कि यह बात जिंदगी पर भी लागू होती है।
पीएम मोदी ने क्या कहा
शुभांशु ने अपनी इस पोस्ट का अंत शाहरुख खान की फिल्म स्वदेस के गाने, ‘यूं ही चला चल राही’ के साथ किया है। वह लिखते हैं, ‘यूं ही चला चल राही, जीवन गाड़ी है समय पहिया।’ बता दें कि शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा भारत के लिए काफी मायने रखती है। स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कहा था कि शुभांशु शुक्ला जल्द ही भारत लौटेंगे। उन्होंने कहा कि शुभांशु शुक्ला का इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर बिताया गया समय भारत के गगनयान के लिए काफी अहम होगा।
![]()