देश में सरकारी जमीन पर रोड या फ्लाईओवर बनाने का काम सरकारी पैसे से ही होता है। लेकिन अब बेंगलुरु में एक रियल स्टेट कंपनी को निजी तौर पर सरकारी जमीन पर फ्लाईओवर बनाने की मंजूरी मिल गई है। ऐसा पहली बार होगा, जब रियल एस्टेट निर्माणकर्ता सार्वजनिक उपयोग के लिए फ्लाई ओवर का निर्माण करेगी। बेंगलुरु महानगरपालिका से मंजूरी मिलने के बाद प्रेस्टीज ग्रुप 1.5 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड फ्लाई ओवर बनाने की योजना पर आगे बढ़ रहा है, जो बेल्लांदूर में निर्माणाधीन टेक पार्क को सीधे बेंगलुरु में आउटर रिंग रोड से जोड़ेगा।
डेक्कन हेराल्ड की रिपोर्ट के मुताबिक यह फ्लाईओवर एक पब्लिक रोड और एक स्टॉर्मर ड्रेनेज के किनारे से गुजरेगा। रिपोर्ट के मुताबिक मंजूरी मिलने के साथ ही प्रेस्टीज ग्रुप देश की उन चुनिंदा कंपनियों की लिस्ट में शामिल हो गई है जो अपने परिसरों तक पहुंच को आसान बनाने के लिए सरकारी जमीन पर फ्लाईओवर का निर्माण करेगी। इस फ्लाई ओवर को मंजूरी देने के बदले में प्रेस्टीज ग्रुप ने भीड़भाड़ वाले करियोमन्ना अग्रहरा रोड के चौड़ीकरण और फ्लाई ओवर की लागत उठाने की भी पेशकश की है।
आपको बता दें प्रेस्टीज ग्रुप ने इस फ्लाई ओवर के निर्माण के लिए सबसे पहले 2022 में और फिर नवंबर 2023 में मंजूरी मांगी थी। हालांकि तब इस फैसले पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया गया। बाद में कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री डी.के शिवकुमार ने इस प्रोजेक्ट पर अपनी सहमति जताई, जिसके बाद ग्रुप को यह मंजूरी दी गई। हालांकि इस मंजूरी के साथ ही महानगर पालिका शर्त रखी थी कि यह फ्लाई ओवर आम जनता के लिए भी खुला होना चाहिए।
![]()