व्हाइट हाउस- ट्रम्प ने मस्क की माफी स्वीकार की:मस्क बोले थे- पछतावा है; उपराष्ट्रपति वेंस ने लड़ाई खत्म करने की पहल की थी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने मस्क की माफी को स्वीकार कर लिया है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने बुधवार को प्रेस को बताया कि-

राष्ट्रपति ने मस्क के पोस्ट को सराहा। हम अब अमेरिका के जनता पर ध्यान दे रहे हैं।
मस्क के सरकारी अनुबंधों की समीक्षा के बारे में पूछने पर प्रेस सचिव ने कहा कि अभी तक इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया है।
मस्क ने बहस को लेकर अफसोस जताया
CNN के अनुसार, मस्क ने 9 जून की रात ट्रम्प से फोन पर बात की थी। इससे पहले 6 जून को उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और व्हाइट हाउस की चीफ ऑफ स्टाफ सूसी वाइल्स ने मस्क से फोन पर बात की थी।
इस बातचीत में वेंस ने मस्क से विवाद खत्म करने की पहल की थी। दरअसल, मस्क ने डोनाल्ड ट्रम्प से बहस को लेकर खेद जताया था। उन्होंने 11 जून को इसे लेकर एक सोशल मीडिया X पर एक पोस्ट किया था।

ट्रम्प ​​​​​​-मस्क विवाद का टेस्ला पर असर
• मस्क और ट्रंप के बीच विवाद से टेस्ला के शेयरों में गिरावट आई, जो इस साल 19% नीचे हैं। जो लगभग 300 बिलियन डॉलर (26 लाख करोड़) के बराबर है।
• यूरोप, चीन और अमेरिका में टेस्ला की बिक्री घटी है, क्योंकि मस्क की दक्षिणपंथी राजनीति से ग्राहक दूरी बना रहे हैं।
• मस्क ड्राइवरलेस तकनीक पर जोर दे रहे हैं, लेकिन यह तकनीक शुरुआती चरण में है।
• ट्रंप के साथ तनाव से टेस्ला की रोबोटैक्सी योजनाओं पर असर पड़ सकता है।
ट्रम्प की नीतियों का समर्थन किया
मस्क ने पिछले कुछ पोस्ट में उन्होंने ट्रम्प के बयानों और नीतियों का समर्थन भी किया है। उन्होंने लॉस एंजिलिस में अवैध अप्रवासियों पर हुई छापेमारी को लेकर खुशी भी जताई।
इससे पहले एक इंटरव्यू में जब अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रम्प से मस्क को लेकर सवाल पूछा गया था, तो उन्होंने बेहद शांत लहजे में जवाब दिया। ट्रम्प ने कहा,
हमारे बीच अच्छे संबंध थे और मैं बस उनके अच्छे होने की कामना करता हूं।
ट्रम्प का यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इससे ही जुड़े एक वीडियो पर इलॉन मस्क ने ‘रेड हार्ट’ इमोजी कमेंट किया था।

ट्रम्प से जुड़ी अपनी पोस्ट हटा चुके हैं मस्क
मस्क पहले ट्रम्प के खिलाफ की गई अपनी कुछ पुरानी पोस्ट हटा चुके हैं। उन पोस्ट में ट्रम्प का रिश्ता एक यौन अपराधी एप्स्टीन से जोड़ा गया था। इसके अलावा ट्रम्प के महाभियोग की भी मांग की थी।
इससे पहले डोनाल्ड ट्रम्प ने 7 जून को कहा था कि उनका इलॉन मस्क के साथ रिश्ता खत्म हो गया है। NBC न्यूज से बात करते हुए ट्रम्प ने मस्क को चेतावनी दी थी कि अगर विपक्षी डेमोक्रेट्स का साथ दिया तो गंभीर नतीजे भुगतने पड़ेंगे।
बिग ब्यूटीफुल बिल को लेकर भिड़े थे मस्क और ट्रम्प
ट्रम्प और मस्क ‘बिग ब्यूटीफुल बिल’ को लेकर आमने-सामने आ गए थे। ट्रम्प इस बिल के समर्थन में हैं, जबकि मस्क खिलाफ। यह बिल हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स में 22 मई को सिर्फ 1 वोट के अंतर से पास हो चुका है।
इसके समर्थन में 215 और विरोध में 214 वोट मिले थे। अब यह सीनेट में विचाराधीन है, जहां इसे 4 जुलाई 2025 तक पास किया जाना है। मस्क अब ट्रम्प के इस विधेयक के रास्ते में बड़ी रुकावट बनते दिख रहे हैं।
ट्रम्प का दावा है कि यह ‘देशभक्ति से भरा हुआ’ कानून है। इसके पारित होने से अमेरिका में निवेश बढ़ेगा और चीन पर निर्भरता घटेगी। जबकि मस्क इसे पोर्क फिल्ड यानी कि बेकार खर्चों से भरा बिल मानते हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बिल को पास होने से रोकने के लिए मस्क ने रिपब्लिकन पार्टी के 3 सांसदों को अपनी तरफ कर लिया है।

ट्रम्प ने मस्क को पागल बताया, तो मस्क बोले ट्रम्प एहसान फरामोश
ट्रम्प और मस्क के बीच 5 जून को बिग ब्यूटीफुल बिल को लेकर बहस तब शुरू हुई जब ट्रम्प ने मीडिया से बात करते हुए मस्क को लेकर नाराजगी जताई थी।
ट्रम्प ने कहा था कि जब हमने अनिवार्य तौर पर इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने के कानून में कटौती करने की बात कही तो मस्क को दिक्कत होने लगी। मैं इलॉन से बहुत निराश हूं। मैंने उनकी बहुत मदद की है।
इसके बाद मस्क ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ट्रम्प को एहसान फरामोश बताते हुए लगातार कई ट्वीट किए। मस्क ने कहा कि मैं नहीं होता तो ट्रम्प चुनाव हार जाते। उन्होंने ट्रम्प पर महाभियोग चलाने तक की बात कही थी।
इसके बाद ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर मस्क को निशाने पर लिया। उन्होंने लिखा- जब मैंने उनका ईवी मैंडेट (कानूनी आदेश) वापस लिया तो मस्क पागल हो गए। ट्रम्प ने मस्क की कंपनी को दी जाने वाली सब्सिडी खत्म करने की धमकी दी थी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *