दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजों के दूसरे दिन दिल्ली की मौजूदा मुख्यमंत्री आतिशी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद LG विनय कुमार सक्सेना ने 7वीं दिल्ली विधानसभा भंग करने अधिसूचना जारी की।
आतिशी ने कालकाजी सीट से चुनाव जीतीं, लेकिन उनकी पार्टी 22 सीटों पर सिमट गई। 17 सितंबर 2024 को अरविंद केजरीवाल के CM पद से इस्तीफा देने के बाद आतिशी ने सरकार बनाने का दावा पेश किया था।
सुषमा स्वराज और शीला दीक्षित के बाद आतिशी दिल्ली की तीसरी महिला मुख्यमंत्री बनी थीं।
दिल्ली चुनाव में भाजपा ने 70 में से 48 सीटें जीतकर 26 साल बाद सत्ता में वापसी की है, जबकि कांग्रेस को एक भी सीट पर जीत नहीं मिली।
आतिशी के इस्तीफा सौंपने के बाद दिल्ली BJP का प्रतिनिधिमंडल भी LG से मिलने पहुंचा।
इधर, BJP अगले मुख्यमंत्री का नाम फाइनल करने अमित शाह के घर बैठक कर रही है। इसमें जेपी नड्डा, बैजयंत पांडा समेत कई बड़े नेता मौजूद हैं।
दरअसल, PM मोदी फ्रांस-अमेरिका के दौरे पर जा रहे हैं। ऐसे में दिल्ली CM का शपथग्रहण समारोह उनके लौटने के बाद होगा। इसमें भाजपा शासित राज्यों के CM शामिल होंगे।
मुंडका पहुंचे प्रवेश वर्मा बोले- यमुना की सफाई प्राथमिकता
पूर्व CM केजरीवाल को नई दिल्ली विधानसभा सीट से हराने वाले भाजपा के प्रवेश वर्मा अपने पिता व दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करने पहुंचे। उन्होंने कहा- दिल्ली की जनता को प्रधानमंत्री मोदी पर भरोसा है, जीत का श्रेय प्रधानमंत्री को जाता है, लोगों को उनके 10 साल के काम पर भरोसा है। यह सिर्फ उनकी और लाखों कार्यकर्ताओं की मेहनत से हुआ है। यमुना जी को साफ करना हमारी सरकार की प्राथमिकता होगी।”
![]()