माधव राव सिंधिया व्यापार मेले में वाहन खरीदी पर रोड टैक्स में 50 फीसदी की छूट मिलेगी। इसकी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान कर दी है। जिसके बाद नोटिफिकेशन जारी हो जाएगा। हालांकि मेले को लगे हुए 13 दिन बीत चुके हैं, लेकिन छूट के फेर में अभी ऑटोमोबाइल सेक्टर में रौनक नहीं लौटी है, क्योंकि अभी डीलर्स को नोटिफिकेशन का इंतजार है।
सिर्फ ऑटो मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक सेक्टर में अभी भी लोगों को शोरूम तैयार होने का इंतजार है। ऑटोमोबाइल सेक्टर में पंजीयन शुल्क व रोड टैक्स पर 50% छूट प्रस्ताव पर मंगलवार को सीएम ने भोपाल बैठक में सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। अब दो से तीन दिन में आदेश आ सकता है, जिसके बाद ऐतिहासिक मेला अपने पूरे शबाब पर होगा।
अभी तक औपचारिक शुभारंभ का नहीं आया कार्यक्रम
ग्वालियर व्यापार मेले का शुभारंभ 25 दिसंबर को हो गया है, जो 25 फरवरी तक चलेगा। शुभारंभ के बाद नए साल 2025 का यह आज पहला मंगलवार रहा है। रविवार के साथ मंगलवार को व्यापारियों को मेले में सैलानियों की ज्यादा चहल-पहल की आशा रहती है। व्यापारियों की आशा को शहर के लोगों ने निराशा में नहीं बदला है।
मंगलवार को अच्छी तादाद में लोगों ने मेला का रुख किया है। मंगलवार दोपहर 12 बजे के बाद मेला में लोगों का आना-जाना शुरू हो गया था। शाम 6 बजे के बाद मेला के झूला सेक्टर में भीड़ बढ़ने लगी थी। अब झूला सेक्टर के अलावा अन्य सेक्टर में भी सैलानियों की संख्या देखकर व्यापारियों के चेहरे खिल उठे हैं।
सर्द रात में सॉफ्टी, पापड़ व खजला का लिया लुत्फ
मेला पहुंचने वाले लोगों ने सर्द रात के बाद भी मेला में इंजॉय किया है। सर्द हवा के बीच कोई सॉफ्टी के अलग-अलग फ्लेवर का आनंद लेता दिखा तो कोई हापुड़ के पापड़ और खजला खाता हुआ नजर आया है। झूला सेक्टर के बाद खानपान सामग्री के सेक्टर भी पूरी तरह सैलानियों से गुलजार नजर आए हैं।
इलेक्ट्रॉनिक व ऑटो मोबाइल सेक्टर पड़ा खाली
पहले मंगलवार को ग्वालियर मेला घूमने पहुंचे सैलानियों ने झूला सेक्टर पहुंचकर जमकर लुत्फ उठाया है, लेकिन जब वह ऑटो मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर पहुंचे तो वहां अभी शोरूम बनकर भी तैयार नहीं हुए हैं। विशेषकर इलेक्ट्रॉनिक सेक्टर और ऑटो मोबाइल सेक्टर अभी पूरी तरह खाली पड़े हैं। मेला में मिलने वाली आरटीओ पर 50 प्रतिशत छूट को लेकर मंगलवार को ही भोपाल में सीएम ने सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। जल्द आदेश आते ही यह सेक्टर भी गुलजार हाेगा।
वहीं 120 साल पुराने मेले में वाहन खरीदी पर रोड टैक्स में छूट देने को लेकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव को 29 नवंबर को पत्र लिख चुके हैं। जिससे मेले का पुराना वैभव बरकरार रहे।मेले में रोड टैक्स पर छूट मिलेगी मेले में वाहन खरीदी पर रोड टैक्स में 50 फीसदी की छूट प्रदान की जाएगी। इसकी मंजूरी प्रदान कर दी गई है। जल्द ही नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। राव उदय प्रताप सिंह, परिवहन मंत्री, मप्र शासन
![]()