मुख्यमंत्री मोहन यादव के पिता का अंतिम संस्कार, कैलाश, शिवराज सहित कई मंत्री, नेता पहुंचे

उज्जैन। मुख्यमंत्री मोहन यादव के पिता पूनमचंद यादव के मंगलवार को निधन के बाद बुधवार को अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा गीता कालोनी स्थित घर से निकली और शिप्रा तट पर भूखी माता मंदिर पर पहुंची। यहां दाह संस्कार किया गया।

कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गेहलोत, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेश के उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, जगदीश देवड़ा, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित लगभग सभी काबीना मंत्री, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री नरोत्तम मिश्रा सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने उज्जैन पहुंच श्रद्धांजलि अर्पित की। कई नेता अंतिम यात्रा में शामिल हुए।

मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे अंतिम यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए शिप्रा तट पर पहुंची। हजारों की संख्या में लोग यात्रा में शामिल हुए। बड़ी संख्या में आमजन भी दिवगंत को श्रद्धासुमन अर्पित करने सीएम के घर पहुंचे।

देश भर से शोक संवेदनाएं

सीएम डा. यादव के पिता के निधन पर देशभर के नेताओं ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी कर ईश्वर से प्रार्थना की।

उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में बाबा महाकाल से दिवंगत पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की है। राजस्थान के मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा तथा छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने अपने संदेश में गहरी संदेवनाएं व्यक्त करते हुए प्रभु से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजन को इस दु:ख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है। केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान शोक संवेदना व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर जारी संदेश में लिखा है कि सिर से पिता का साया उठ जाना जीवन की अपूरणीय क्षति है। दुःख की इस विकट घड़ी में मेरी संवेदना शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। पूज्य पिताजी भले ही भौतिक रूप से साथ नहीं हैं, किंतु उनके आशीर्वाद की छांव सदैव रहेगी। बाबा महाकाल दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। पूर्व मुख्यमंत्री श्री दिग्विजय सिंह तथा पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पिताजी सेठ पूनमचंद यादव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचऱणों में स्थान देने की ईश्वर से प्रार्थना की है। उप मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री छत्तीसगढ़ रमन सिंह, लोकसभा सदस्य श्री जगदम्बिका पाल ने भी सोशल मीडिया शोक संवेदना व्यक्त की।

ये नेता व अधिकारी हुए शामिल

केंन्द्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा, उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, सांसद श्री वी.डी. शर्मा, नगरीय विकास एवं आवास संसदीय कार्य मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री श्री तुलसी सिलावट, मंत्री श्री राव उदयप्रताप सिंह, अपर मुख्य सचिव श्री राजेश राजौरा, अपर मुख्य सचिव एस.एन. मिश्रा, प्रमुख सचिव संजय शुक्ला, प्रमुख सचिव राघवेन्द्र कुमार सिंह, आयुक्त जनसंपर्क सुदाम खाड़े, डी.जी पुलिस सुधीर कुमार सक्सेना सहित अनेक वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, अधिकारियों तथा उज्जैनवासियों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव के उज्जैन स्थित निवास पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की तथा अंतिम यात्रा में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *