महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव के लिए वर्धा-चंद्रपुर-गढ़चिरौली से बीजेपी ने अरुण लखानी को उम्मीदवार बनाया है. इसके बाद से ही नागपुर के उद्योगपति लखानी का नाम काफी चर्चा में हैं क्योंकि वो सुप्रिया सुले के होने वाले समधी हैं. लखानी के बेटे की शादी 20 जून को शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले की बेटी रेवती से होने वाली है.
इसको लेकर जब उनसे सवाल किया गया तो उन्होंने सोमवार (1 जून) को कहा कि राजनीति और पारिवारिक रिश्ते अलग-अलग मामले हैं. एक मराठी न्यूज चैनल से बातचीत के दौरान उन्होंने ये बातें कही हैं. इसके साथ ही उन्होंने चुनाव में अपनी जीत की संभावनाओं पर भी बात की.
लखानी ने क्या कहा?
अरुण लखानी ने कहा, “सुप्रिया ताई ने मुझे बधाई संदेश भेजा है. पवार परिवार का उल्लेख होना स्वाभाविक है क्योंकि यह एक बड़ा राजनीतिक परिवार है और हम उनसे जुड़े हैं. मुझे इसमें कुछ भी असामान्य नहीं दिखता.” इसके बाद जब उनसे पूछा गया कि क्या उनकी राजनीतिक संबद्धता और पवार परिवार से उनके पारिवारिक संबंधों से एक अलग ही समीकरण बन रहे हैं तो उन्होंने कहा कि राजनीति अलग है और दोनों पक्ष अपनी-अपनी विचारधाराओं के प्रति प्रतिबद्ध हैं.
लखानी ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत बीजेपी नेतृत्व ने उनपर जो भरोसा जताया है, उससे वे सम्मानित महसूस कर रहे हैं.
अपनी जीत की संभावनाओं पर क्या बोले लखानी
विधान परिषद चुनाव में अपनी जीत की संभावनाओं पर लखानी ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता ऐसे उम्मीदवारों को चुनते हैं, जिनपर वो भरोसा करते हैं. जो उनके लिए काम करेंगे और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाने में मदद करें. उन्होंने कहा, “मैंने पहले भी लक्ष्मणराव मानकर ट्रस्ट के साथ काम करते हुए इस क्षेत्र में बड़े पैमाने पर यात्रा की है. लोगों से मेरा जुड़ाव है और ये तीनों जिले (चंद्रपुर-वर्धा-गड़चिरौली) मेरे लिए नए नहीं हैं. BJP ने मुझे यह अवसर दिया है और मुझे चुनाव जीतने का पूरा भरोसा है.”
बता दें कि अरूण लखानी उद्योगपति परिवार से है. महाराष्ट्र बैडमिंटन एसोसिएशन में प्रशासक के तौर पर भी काम किया है. वो लंबे समय से बीजेपी से जुड़े है. संगठन में सक्रिय भूमिका में रहे हैं और बीजेपी कार्यकारिणी में महाराष्ट्र के सह कोषाध्यक्ष हैं. वो उद्योगपतियों को पार्टी से जोड़ने में माहिर हैं.
![]()