अभिषेक पर हुए हमले पर TMC के कद्दावर खामोश क्यों…’ अपनी ही पार्टी के नेताओं पर भड़के कुणाल घोष

पश्चिम बंगाल में TMC की करार हार और बीजेपी की सरकार बनने के बाद ममता बनर्जी की पार्टी बदहाली के दौर से गुजर रही है. बीते 20 दिन के भीतर ही पार्टी में ऐसी उथल-पुथल मची है कि भीतर की रार बाहर आ गई है. ताजा मामला अभिषेक बनर्जी पर हमले का है. उन पर हुए इतने बड़े हमले के बाद एक टीएमसी के प्रवक्ता कुणाल घोष ने अपनी ही पार्टी के नेताओं पर सवाल उठाए हैं. कुणाण घोष की नाराजगी इस बात पर है कि इतने बड़े मामले के बावजूद TMC के कई सांसदों, विधायकों, पार्षदों की ओर से कोई रिएक्शन नहीं दिखाई दिया. 

TMC के नेताओं पर भड़के कुणाल घोष

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के विधायक, प्रवक्ता और राज्य महासचिव कुणाल घोष ने अभिषेक बनर्जी पर हुए कथित हमले को लेकर अपनी ही पार्टी के कई नेताओं और जनप्रतिनिधियों पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि उन्होंने अन्य राजनीतिक दलों के राष्ट्रीय स्तर के नेताओं को अभिषेक बनर्जी के समर्थन में और हमले के विरोध में पोस्ट करते देखा, लेकिन टीएमसी के कई सांसदों, विधायकों, पार्षदों, पदाधिकारियों और पूर्व पदाधिकारियों की ओर से कोई प्रतिक्रिया नजर नहीं आई.

अगर राज्य में TMC की सरकार होती तो…’

कुणाल घोष ने कहा कि अगर राज्य में तृणमूल कांग्रेस की सरकार होती तो इन्हीं लोगों का रवैया और बयानबाजी पूरी तरह अलग होती. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अब यह समझना मुश्किल नहीं है कि किन लोगों ने पार्टी के मंच का इस्तेमाल अपने निजी हितों के लिए किया और बाद में किनारा कर लिया. उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “दादा, अनुयायी, बॉस, वीडियो और सेल्फी की राजनीति करने वाले लोगों का बड़ा वर्ग आज कहां है?” उनके इस बयान को पार्टी के भीतर नाराजगी और असंतोष के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है.

पुलिस ने किया है पांच लोगों को गिरफ्तार

बता दें कि तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के साथ कथित दुर्व्यवहार और हमले के मामले में पुलिस ने 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का कहना है कि ये सभी स्थानीय लोग हैं, जिन्होंने सोनारपुर में अभिषेक बनर्जी की यात्रा के दौरान उनका विरोध किया और उनसे गाली-गलौज की. वहीं, अभिषेक बनर्जी के कथित हमले के विरोध में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए हैं, जबकि बीजेपी सरकार में मंत्री दिलीप घोष ने कहा कि चुनाव परिणामों को देखते हुए आपको (अभिषेक बनर्जी) स्थिति को समझ जाना चाहिए था. क्यों आप हीरे बनने के लिए वहां गए?. 
सोनारपुर पुलिस ने बताया कि टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी के सोनारपुर दौरे के दौरान उन पर हुए कथित हमले और दुर्व्यवहार के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए बीते कल पांच स्थानीय आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इस मामले में सोनारपुर पुलिस स्टेशन में एक विशिष्ट मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने इन स्थानीय लोगों को दबोचा, जिन्होंने अभिषेक बनर्जी का घेराव किया था. 

सोनारपुर इलाके में अभिषेक बनर्जी पर हुआ था हमला

टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी शनिवार को सोनारपुर इलाके के दौरे पर गए थे. यहां उन्हें जनता के भारी विरोध और आक्रोश का सामना करना पड़ा, लोग इतने गुस्से में थे कि उन्होंने अभिषेक बनर्जी पर जूते-अंडे और पत्थर भी फेंके. वहीं उन्हें पीटने की कोशिश भी हुई. हालांकि सुरक्षा कर्मियों ने हेलमेट पहनाकर उन्हें मौके से निकाला और फिर अभिषेक बनर्जी को अस्पताल ले जाया गया. शनिवार को हुए इस घटनाक्रम से बंगाल की सियासत गर्मा गई है. इसके बाद से टीएमसी और बीजेपी में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *