पिता के अधूरे सपनों को पूरा करना ही लक्ष्य’, मंत्रीपद की शपथ लेने के बाद बोले निशांत

निशांत कुमार ने मंत्री पद की शपथ ले ली है. शपथ लेने के बाद उन्होंने  बातचीत में कई अहम बातें शेयर कीं. गुरुवार को बिहार सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ, जिसमें निशांत कुमार समेत 32 नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली.
निशांत कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र हैं और अब उन्होंने राजनीति में सक्रिय रूप से कदम रख दिया है. मंत्री पद की शपथ लेने के बाद उन्होंने कहा, “सबसे पहले मैं बिहार की जनता को धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने 2025 के चुनाव में एनडीए को भारी बहुमत से जीत दिलाई. पार्टी ने मुझे जो जिम्मेदारी दी है, उसे मैं पूरी ईमानदारी और सच्चाई के साथ निभाने की कोशिश करूंगा.”
निशांत ने कहा, “मेरी कोशिश रहेगी कि पिताजी ने पिछले 20 सालों में जो काम किया है, वह आगे भी जारी रहे और उनके जो अधूरे काम हैं, उन्हें मैं पूरा कर सकूं.”

उन्होंने आगे कहा, “हम लोग अब तक हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाएंगे. जो वादे किए हैं, जैसे अगले 5 सालों में 1 करोड़ रोजगार देने का लक्ष्य, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में सुधार, आय बढ़ाने और रोजगार के अवसर पैदा करने की दिशा में काम करेंगे. समृद्धि यात्रा के दौरान जो बातें कही गई थीं, उन्हें पूरा करने की पूरी कोशिश होगी.”

महिलाओं के लिए किए कई कार्य

निशांत कुमार ने बताया, महिलाओं के लिए कई अहम कदम उठाए गए हैं. 50% रिजर्वेशन जैसी सुविधाएं दी गई हैं. पंचायती राज नगर निगम हो चाहे पुलिस में भर्ती हो, हर स्तर पर महिलाओं के लिए काम किया गया है. महिला रोजगार योजना के तहत हर घर की एक महिला को हम व्यवसाय शुरू करने के लिए ₹10,000 दे रहे हैं और जब व्यवसाय सफल होगा तो ₹2,00,000 तक दे रहे हैं तो ये सब जारी रहेगा.
निशांत ने कहा, पिताजी नीतीश कुमार जी के मार्गदर्शन में और सम्राट चौधरी जी के नेतृत्व में हम काम करेंगे. उन्होंने बताया कि उनकी सम्राट चौधरी से पुरानी पहचान है. मैं उन्हें 2004 से जानता हूं. वो हमारे बड़े भाई जैसे हैं. निशांत कुमार ने साफ तौर पर कहा कि बिहार में उनके पिता नीतीश कुमार द्वारा किए गए विकास कार्यों को आगे बढ़ाना ही उनकी प्राथमिकता होगी.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *