जब रेड पड़ी तो DGM साहब ने की अजीब हरकत… कूड़ेदान में डालने लगे नोटों की गड्डियां, काली कमाई छिपाने की नाकाम कोशिश

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत स्पेशल विजिलेंस यूनिट (SVU) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. बिहार मेडिकल सर्विसेज इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड (BMSICL) के डीजीएम पंकज कुमार के चार ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई है. पंकज कुमार पर करीब एक करोड़ रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है.

छापेमारी के दौरान पटना के कदमकुंआ स्थित DGM के आवास पर एक बेहद चौंकाने वाला नजारा देखने को मिला. जैसे ही SVU की टीम घर के अंदर दाखिल हुई, डीजीएम पंकज कुमार घबरा गए और अपनी काली कमाई को छिपाने के लिए पैसे कचरे के डिब्बे में फेंकने लगे. हालांकि, सतर्क विजिलेंस टीम ने तुरंत उन पैसों को जब्त कर लिया. फिलहाल बरामद रुपयों की गिनती जारी है.

इन ठिकानों पर हुई छापेमारी

विजिलेंस की टीम ने पंकज कुमार के चार ठिकानों को निशाने पर लिया है. इसमें PMCH यानी उनका विभागीय कार्यालय, कदमकुंआ पटना स्थित उनका निजी आवास और अन्य दो ठिकाने शामिल हैं. जिनसे जुड़ी संपत्तियों के दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं.

दस्तावेजों और बैंक खातों की जांच

SVU के डीएसपी चंद्रभूषण ने बताया कि आय से अधिक संपत्ति के मामले में ठोस इनपुट मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई है. छापेमारी के दौरान कई बैंक अकाउंट, निवेश के कागजात और बेनामी संपत्ति से जुड़े दस्तावेज मिले हैं, जिनकी बारीकी से जांच चल रही है.
DSP पटना चंद्रभूषण ने बताया, “आय से अधिक संपत्ति के मामले में मामला दर्ज किया गया है. छापेमारी जारी है और बरामदगी का पूरा ब्योरा जांच पूरी होने के बाद साझा किया जाएगा.”

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *