पटना के गांधी मैदान में आज सुबह से सियासी गहमागहमी नीतीश कुमार ने रिकॉर्ड दसवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेकर एक नया इतिहास लिख दिया। शपथ मंच पर उनके साथ सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा भी मौजूद रहे, जिन्होंने बारी-बारी से मंत्री पद की शपथ ली।
यहां देखें 27 मंत्रियों की पूरी लिस्ट
• नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री, जेडीयू
• सम्राट चौधरी, उप-मुख्यमंत्री, बीजेपी
• विजय कुमार सिन्हा, उप-मुख्यमंत्री, बीजेपी
• विजय कुमार चौधरी, जेडीयू
• बिजेंद्र प्रसाद यादव, जेडीयू
• श्रवण कुमार, जेडीयू
• मंगल पांडेय, बीजेपी
• दिलीप जायसवाल, बीजेपी
• अशोक चौधरी, जेडीयू
• लेशी सिंह, जेडीयू
• मदन साहनी, जेडीयू
• नितिन नबीन, बीजेपी
• रामकृपाल यादव, बीजेपी
• संतोष सुमन, हम
• सुनील कुमार, जेडीयू
• जमा खान, जेडीयू
• संजय सिंह टाइगर, बीजेपी
• अरुण शंकर प्रसाद, बीजेपी
• सुरेंद्र मेहता, बीजेपी
• नारायण प्रसाद, बीजेपी
• रमा निषाद, बीजेपी
• लखेंद्र कुमार रौशन, बीजेपी
• श्रेयसी सिंह, बीजेपी
• प्रमोद कुमार, बीजेपी
• संजय पासवान, लोजपा-आर
• संजय कुमार सिंह, लोजपा-आर
• दीपक प्रकाश, रालोमो
शपथ समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हेलीकॉप्टर जैसे ही गांधी मैदान में उतरा, सुरक्षा और सख्त कर दी गई। अमित शाह, जेपी नड्डा, योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री पहले से ही मंच के आसपास मौजूद थे। मैदान में आम जनता की भारी भीड़, वाहनों पर पाबंदी और दो किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचते समर्थकों का जोश पूरे माहौल को बेहद जीवंत बना रहा।
नीतीश के गांव में मनी होली और दिवाली

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 10वीं बार शपथ लेते ही नालंदा का उनका पैतृक गांव कल्याण बिगहा गुरुवार को उल्लास से सराबोर हो उठा। जैसे ही टीवी पर शपथ ग्रहण समारोह शुरू हुआ, गांव की गलियों में ढोल-नगाड़ों की आवाज गूंजने लगी। लोग घरों से बाहर निकल आए और एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर बधाई देने लगे। वातावरण में ऐसे रंग बिखरे कि गांव का हर कोना होली के उत्सव जैसा नजर आया। ग्रामीणों के चेहरों पर गर्व और अपनापन साफ झलक रहा था, मानो किसी अपने बेटे ने ही बड़ी उपलब्धि हासिल की हो।
आज विकसित बिहार की नींव रखी गई; बोले मनोज तिवारी
एनडीए सरकार की बिहार में वापसी पर भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुताबिक आज विकसित बिहार की नींव रखी गई है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने हमेशा राज्य की जनता की भलाई के लिए काम किया है और नई सरकार उसी दिशा में आगे बढ़ेगी। मनोज तिवारी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर उन्हें लोकतंत्र पर सच में भरोसा होता, तो वे शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहते।
समीकरण की सरकार है… महिला और युवा केंद्र में, बिहारी पहले हमारी प्राथमिकता; बोले चिराग पासवान
बिहार में एनडीए सरकार के गठन पर लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने कहा कि इस जनादेश के साथ उन पर बड़ी जिम्मेदारी आई है और उनकी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अनुभव के साथ मिलकर बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट के विजन पर काम करेगी। चिराग ने खास तौर पर यह भी कहा कि वह इस नई सरकार को अपना नया MY-समीकरण यानी महिला और युवा वाला मॉडल मानते हैं, जिसमें महिलाओं की भागीदारी और युवाओं के हित सर्वोपरि रहेंगे।
उन्होंने कहा कि बिहार की नई सरकार का हर कदम रोजगार, शिक्षा, सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर की दिशा में होगा। चिराग पासवान ने विश्वास जताया कि एनडीए का यह गठबंधन न सिर्फ बिहार को नई ऊर्जा देगा बल्कि आने वाले वर्षों में राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
अगली बारी बंगाल की… SIR लागू होगा, बंगाल को बांग्लादेश नहीं बनने देंगे; बोले गिरिराज सिंह
पटना में शपथ ग्रहण समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने एनडीए की जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिहार की जनता ने एक बार फिर नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा जताकर बड़ा जनादेश दिया है। उन्होंने कहा कि इस जीत के साथ एनडीए की जिम्मेदारियां भी बढ़ गई हैं, क्योंकि जनता ने विकास और स्थिरता को प्राथमिकता देते हुए गठबंधन को भारी समर्थन दिया है। गिरिराज सिंह ने अपने बयान में पश्चिम बंगाल पर भी तीखी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “बिहार की जीत हमारी है, अगली बारी बंगाल की है। हम बंगाल को बांग्लादेश नहीं बनने देंगे। वहां SIR लागू किया जाएगा।”
बिहार की जनता ने सही फैसला लिया, विकास की रफ्तार अब और बढ़ेगी; पुष्कर सिंह धामी बोले
पटना में एनडीए सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बिहार की जनता को बधाई देते हुए कहा कि लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार को चुनकर एक दूरदर्शी निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि नई सरकार के साथ बिहार अब अच्छे गति से आगे बढ़ता रहेगा और विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
मेघवाल बोले- बिहार तेजी से बढ़ेगा आगे; उपेंद्र कुशवाहा ने कहा- जनता ने हमेशा नीतीश पर भरोसा जताया है
पटना में एनडीए सरकार के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि बिहार की जनता ने ऐसा जनादेश दिया है, जो स्पष्ट रूप से विकास की तेज रफ्तार की तरफ इशारा करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र बने और इसी तरह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का लक्ष्य है कि बिहार को विकसित बिहार बनाया जाए। उन्होंने भरोसा जताया कि नई सरकार इस दिशा में तेज़ी से काम करेगी।
वहीं राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने भी समारोह में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिहार की जनता ने हमेशा ही नीतीश कुमार को आशीर्वाद दिया है। उन्होंने कहा कि एनडीए की नई सरकार जनता की सेवा और विकास कार्यों पर पूरी तत्परता से काम करेगी।
10वीं बार CM बनने पर बधाई, वादे पहले भी निभाए हैं, आगे भी निभाएंगे; नीतीश कुमार के बेटे निशांत बोले
पटना में शपथ ग्रहण समारोह के बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने अपने पिता के दसवीं बार मुख्यमंत्री बनने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह पूरे एनडीए परिवार और बिहार की जनता के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने पहले भी अपने वादे पूरे किए हैं और इस बार भी राज्य के विकास और जनकल्याण के लिए उसी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे।
यह जनता के भरोसे की जीत, अब बिहार की पहचान बनेगा विकास; बोलीं दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता
पटना में एनडीए सरकार के शपथ ग्रहण समारोह पर प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि बिहार में नई सरकार का गठन जनता के भरोसे और विश्वास की बड़ी जीत है। उन्होंने कहा कि अब विकास ही बिहार की नई पहचान बनेगा और यही उम्मीद लेकर जनता ने एनडीए को मजबूत जनादेश दिया है।
जामा खान, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद समेत कई नेता बने मंत्री
गांधी मैदान में हो रहे भव्य शपथ ग्रहण समारोह में आज नई बिहार सरकार के और भी कई नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। इस चरण में मोहम्मद जामा खान, संजय सिंह टाइगर, अरुण शंकर प्रसाद, सुरेंद्र मेहता, नारायण प्रसाद और रमा निषाद ने राज्य मंत्री के रूप में शपथ लेकर नीतीश कुमार की नई टीम में अपनी जिम्मेदारी संभाल ली।
गांधी मैदान में उतरा मोदी का चॉपर, चिराग भी मां के साथ समारोह में शामिल
पटना का गांधी मैदान आज पूरी तरह राजनीतिक ऊर्जाओं से भरा हुआ है, जहां नीतीश कुमार की ऐतिहासिक ताजपोशी के लिए माहौल चरम पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हेलीकॉप्टर मैदान में उतरते ही सुरक्षा और भी सख्त कर दी गई, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री पहले से ही मंच के आसपास मौजूद हैं। इसी बीच लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान भी अपनी मां के साथ काफिले में गांधी मैदान पहुंचे, ताकि वे नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण के इस महत्वपूर्ण क्षण का हिस्सा बन सकें।
![]()