MPPSC 2026 की तैयारी पूरी, 12 जिलों में होंगे केंद्र; तीन स्तर की जांच से मिलेगा प्रवेश… एडमिट कार्ड से लेकर रिजल्ट तक जानें पूरा शेड्यूल

मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की राज्य सेवा मुख्य परीक्षा-2026 आगामी 7 से 12 सितंबर तक आयोजित की जाएगी। प्रदेश के 12 जिलों में होने वाली इस परीक्षा के जरिए 156 पदों के लिए 3,775 अभ्यर्थी अपनी दावेदारी पेश करेंगे। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को थ्री-लेयर सिक्योरिटी जांच के बाद ही प्रवेश मिलेगा। यहां खास बात यह है कि 30 दिनों के भीतर उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा कर आयोग अक्टूबर में ही मुख्य परीक्षा का परिणाम घोषित करने की योजना बना रहा है। एमपीपीएससी की परीक्षा सात से 12 सितंबर तक आयोजित होगी। 156 पदों के लिए होने वाली इस परीक्षा में 3775 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर सहित 12 जिलों में केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर एक आब्जर्वर नियुक्त किया जाएगा, जो परीक्षा से संबंधित गतिविधियों की निगरानी करेगा। अधिकारियों के अनुसार सोमवार से अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट से अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
156 पदों पर होगी भर्ती
राज्य सेवा मुख्य परीक्षा के 156 पदों में 41 सामान्य, 20 एससी, 33 एसटी, 42 ओबीसी और 20 ईडब्ल्यूएस पद शामिल हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले 3775 अभ्यर्थियों में 3044 मुख्य श्रेणी और 731 प्राविधिक श्रेणी के हैं।

सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक परीक्षा

मुख्य परीक्षा में सामान्य अध्ययन के चार प्रश्न पत्र होंगे। पांचवां प्रश्न पत्र सामान्य हिंदी और छठा हिंदी निबंध व प्रारूप लेखन का होगा। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक निर्धारित किया गया है। आयोग की गाइडलाइन के अनुसार अभ्यर्थियों को सुबह 8.30 से नौ बजे के बीच परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा।

थ्री लेयर चेकिंग से मिलेगा प्रवेश

हर परीक्षा केंद्र पर थ्री लेयर चेकिंग व्यवस्था रहेगी। प्रवेश के लिए अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड के साथ फोटो आइडी प्रूफ दिखाना होगा। इसके बाद मेटल डिटेक्टर से इलेक्ट्रानिक डिवाइस की जांच होगी। तीसरे चरण में बायोमैट्रिक के माध्यम से अभ्यर्थियों के चेहरे का मिलान किया जाएगा।

30 दिन में मूल्यांकन, अक्टूबर में परिणाम

अधिकारियों के मुताबिक परीक्षा पूरी होने के बाद उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कराया जाएगा। मूल्यांकन कार्य 30 दिन के भीतर पूरा करने का लक्ष्य है। इसके बाद अक्टूबर में मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी किया जाएगा। परिणाम के बाद साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू होगी।