संभल: गैंगरेप के बाद महिला को जिंदा जलाने वाले 4 दरिंदों को उम्रकैद, 8 साल बाद मिला इंसाफ

संभल जिले के थाना राजपुरा क्षेत्र स्थित पाठकपुर गांव में साल 2018 में एक महिला के साथ गैंगरेप कर उसे जिंदा जलाने के मामले में आज न्याय हुआ है. अपर सत्र पोक्सो कोर्ट के जज अवधेश कुमार सिंह ने चार दोषियों- आराम सिंह, महावीर, गुल्लू और भोना को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई.
कोर्ट ने इन सभी दोषियों पर कुल 1 लाख 12 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है. मामले का पांचवा दोषी चरन सिंह नाबालिग है. इन्होंने वारदात के बाद पीड़िता को आग के हवाले कर दिया था, जिसने मरने से पहले परिजनों को फोन कर पूरी घटना बताई थी.

यह मामला 8 साल पहले देशभर में चर्चा का विषय बना था क्योंकि पीड़िता ने आग की लपटों में घिरे होने के बावजूद हिम्मत नहीं हारी और अपने परिवार को फोन किया. परिजनों के फोन में उसकी आवाज और दरिंदगी की कहानी रिकॉर्ड हो गई थी. इस रिकॉर्डिंग को कोर्ट में सबसे बड़ा सबूत माना गया. उस समय इस संवेदनशील मामले को रफा-दफा करने की कोशिश के चलते संभल के तत्कालीन एसपी को भी सस्पेंड कर दिया गया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *