ग्वालियर में एक हैरान कर देने वाला, लेकिन राहत भरा मामला सामने आया, जहां AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से एक पुलिस जवान की जान बच गई. बिस्तर में छिपे जहरीले करैत सांप के काटने के बाद पुलिसकर्मियों ने AI से फर्स्ट एड पूछा. AI ने बताया कि मरीज को हिलने डुलने न दें और शांति रखें, क्योंकि घबराने से दिल की धड़कन तेज हो जाती है, जिससे शरीर में जहर तेजी से फैलता है.
दरअसल, बिजौली थाने के सरकारी क्वार्टर में सो रहे हेड कांस्टेबल पूरन सिकरवार को जहरीले सांप ने डस लिया. सांप बिस्तर में छिपा हुआ था. उसने हेड कांस्टेबल के हाथ में दो जगह काट लिया. काटने का अहसास होते ही पूरन सिकरवार ने शोर मचाकर मदद मांगी. आवाज सुनकर थाना प्रभारी सौरभ श्रीवास्तव और थाने में मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत उनके क्वार्टर पहुंचे. मौके पर सांप भी दिखाई दिया.
थाना प्रभारी ने अस्पताल दूर होने के कारण सबसे पहले AI Gemini से जानकारी मांगी कि ”हाथ में सांप के काटने पर क्या करें?” AI से जवाब मिला कि घायल व्यक्ति को शांत रखने और हिलने-डुलने से बचाने की सलाह दी गई. साथ ही सांप की पहचान के लिए सुरक्षित दूरी से उसकी फोटो लेने की बात कही गई. इसके बाद थाना प्रभारी ने तुरंत सांप की फोटो खींच ली. इसके बाद फोटो के आधार पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से प्राथमिक सावधानियों के बारे में जानकारी ली गई. फिर पुलिसकर्मियों ने इन सावधानियों को ध्यान में रखते हुए पूरन सिकरवार को बिना देर किए अस्पताल पहुंचाया.
डॉक्टरों को दिखाई सांप की फोटो
हेड कांस्टेबल को ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल यानी JAH ले जाया गया. वहां डॉक्टरों को सांप की फोटो दिखाई गई. फोटो के आधार पर डॉक्टरों ने कॉमन करैत के काटने की आशंका को ध्यान में रखते हुए इलाज शुरू किया.
घटना की जानकारी मिलने के बाद SSP धर्मवीर सिंह यादव भी अस्पताल पहुंचे और हेड कांस्टेबल के इलाज की जानकारी ली. प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया.
फिलहाल पूरन सिकरवार की हालत स्थिर बताई जा रही है. डॉक्टर उनकी निगरानी कर रहे हैं और उनकी स्थिति में सुधार होने की बात सामने आई है.
बिस्तर में छिपा था कॉमन करैत
घटना गुरुवार रात बिजौली थाना परिसर स्थित सरकारी क्वार्टर की बताई जा रही है. हेड कांस्टेबल अपने बिस्तर पर सो रहे थे. इसी दौरान बिस्तर में छिपे कॉमन करैत ने उनके हाथ में दो जगह काट लिया.
बरसात के मौसम में सांपों के घरों और सरकारी आवासों में घुसने की घटनाएं बढ़ जाती हैं. ऐसे में पुलिस अधिकारियों ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है. बिस्तर, कपड़े और सामान इस्तेमाल करने से पहले उन्हें अच्छी तरह जांचने और झाड़ने की सलाह दी गई है.
इस मामले में पुलिसकर्मियों की तत्काल प्रतिक्रिया और समय पर अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई बेहद अहम रही. हालांकि, सांप के काटने पर AI की सलाह को चिकित्सा उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए. ऐसी स्थिति में व्यक्ति को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाना सबसे जरूरी है.